Durg Job Fair 2026: 825 पदों पर मिलेगी नौकरी, 12 कंपनियां करेंगी भर्ती, 26 नवंबर को रोजगार मेला

दुर्ग कें मालवीय नगर में 26 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेला लगेगा। 12 निजी कंपनियां 825 पदों पर भर्ती करेंगी। 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग योग्यताधारी आवेदन कर सकते हैं।

सूचनाजी न्यूज, दुर्ग। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दुर्ग जिले में 26 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र की ओर से आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की 12 कंपनियां 825 तकनीकी और गैर तकनीकी पदों पर भर्ती करेंगी।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के उप संचालक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभिन्न नियोजकों से कुल 825 रिक्तियां प्राप्त हुई हैं। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग सहित अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

मालवीय नगर रोजगार कार्यालय में लगेगा मेला

रोजगार मेला 26 नवंबर को जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, मालवीय नगर, दुर्ग में आयोजित होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करने के बाद निर्धारित स्थान पर अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।

रोजगार पंजीयन अनिवार्य

रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। रिक्त पदों, कंपनियों और भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार एप पर उपलब्ध है।

अभ्यर्थी पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर अपनी योग्यता के अनुरूप पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग में संपर्क किया जा सकता है। जिले के ऐसे युवा जो निजी क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे हैं, उनके लिए यह मेला नौकरी पाने का अवसर लेकर आया है।