Bhilai Steel Plan में कर्मचारी की मौत, पोस्टमार्टम के बाद घर वालों को मिलेगी लाश

एम्बुलेंस बुलाकर कर्मचारी को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। मृत व्यक्ति एफएसएनएल के किसी सिक्योरिटी एजेंसी का कर्मचारी था।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट के अंदर एक कर्मचारी की लाश मिली है। जोरातराई गेट के समीप लाश मिलने से सनसनी फैल गई। अचेत अवस्था में सड़क किनारे गिरे कर्मचारी को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। लाश को जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर 9 की मरच्यूरी में रखा गया है। 

परिवार वाले दबाव डाल रहे थे कि शव को हैंडओवर कर दिया जाए, ताकि अंतिम संस्कार आज ही किया जा सके। लेकिन, बीएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि बगैर पंचनामा और पुलिस कार्रवाई के शव नहीं सौंप सकते हैं। अब संभावना जताई जा रही है कि बुधवार दिन में पोस्टमार्टम किया जाएगा। इसके बाद ही शव परिवार वालों को सौंपा जा सकेगा। मौत का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। 

बताया जा रहा है कि एफएसएनएल के सिक्योरिटी एजेंसी के अधीन कार्यरत 33 वर्षीय चूड़ामणि साइकिल से घर की तरफ जा रहे थे। जोरातराई गेट से बाहर निकलने से पहले ही सड़क किनारे गिरे पाए गए। पास में साइकिल भी थी। मंगलवार दोपहर करीब पौने 2 बजे की घटना बताई जा रही है। राहगीरों ने सड़क किनारे गिरे मजदूर की जानकारी बीएसपी प्रबंधन को दी। 

एम्बुलेंस बुलाकर कर्मचारी को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। गेटपास आदि की जांच करने पर पता चला कि मृत व्यक्ति एफएसएनएल के किसी सिक्योरिटी एजेंसी का कर्मचारी था। परिवार को आर्थिक मदद और सुविधाएं नियम के तहत मिलेंगी।