कर्मचारी पेंशन योजना 1995: Central Board of Trustees की 19 को मीटिंग, उसी दिन पेंशनर्स घेरेंगे EPFO कार्यालय
कमांडर राउत-केंद्रीय अध्यक्ष और वीरेंद्र सिंह राजावत-केंद्रीय महासचिव के नेतृत्व में ईपीएफओ कार्यालय नई दिल्ली के सामने ही विशाल धरना प्रदर्शन होगा। रायपुर ईपीएफओ कार्यालय पर छत्तीसगढ़ के पेंशनभोगी जुटेंगे।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। ईपीएस 95 न्यूनतम पेंशन को लेकर EPFO कार्यालय नई दिल्ली में Central Board of Trustees की मीटिंग 19 नवंबर को है। इसी दिन देशभर के पेंशनर्स सड़क पर उतरने जा रहे हैं। राष्ट्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर छत्तीसगढ़ के पेंशनभोगी 19 नवंबर को ईपीएफओ कार्यालय रायपुर के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय संघर्ष समिति के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर 16-11-2026 से 19-11-2026 के दौरान किसी एक दिन, केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त नई दिल्ली के नाम, द्वारा भविष्य निधि आयुक्त रायपुर को और प्रधान मंत्री महोदय को संबोधित द्वारा जिलाधीश रायपुर को धरना प्रदर्शन के बाद ज्ञापन दिया जाना है।
19 नवंबर को ही EPFO कार्यालय नई दिल्ली में Central Board of Trustees की महत्वपूर्ण बैठक है और उसी दिन कमांडर राउत-केंद्रीय अध्यक्ष और वीरेंद्र सिंग राजावत-केंद्रीय महासचिव के नेतृत्व में ईपीएफओ कार्यालय नई दिल्ली के सामने ही विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ के पेंशनभोगी भी 19 नवंबर को को प्रातः साढ़े दस बजे ईपीएफओ कार्यालय पंडरी, रायपुर में जुटेंगे। धरना प्रदर्शन को सफल बनाने का दावा किया जा रहा है।
जानिए पेंशनभोगियों की मांग क्या है
1. न्यूनतम पेंशन को 1000.00 से बढ़ाकर साढ़े सात हजार रुपए महीना करें। साथ में डी ए का प्रावधान हो।
2. ईपीएस 95 के सभी सदस्यों को निःशुल्क चिकित्सा मिले।
3. पेंशनधारी के मृत्यु के बाद उसके जीवन साथी को सौ प्रतिशत पेंशन मिले।
4. जिन्होंने पूर्व में ईपीएस 95 का ऑप्शन किसी कारण से नहीं दिया था, उन्हें भी जीवन यापन के लिए पांच हजार रुपए महीना दिया जाए।
पेंशन अधिकारी है, खैरात नहीं
प्रदेश अध्यक्ष एलएम सिद्दीकी का कहना है कि उचित पेंशन हमारा अधिकार है। कोई भीख या खैरात नहीं। इसलिए निरंतर संघर्ष के अतिरिक्त हमारे पास कोई अन्य विकल्प नहीं है। आइए हम सब मिल कर ईपीएस 95 पेंशनर्स के साथ हो रहे अन्याय के विरुद्ध लड़ाई जारी रखें। धरना प्रदर्शन के बाद लगभग एक बजे भविष्य निधि आयुक्त रायपुर को और तत्पश्चात जिला कलेक्टर रायपुर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।