पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग भिलाई के पहले Alumni मीट में यादों का झरोखा

जीएनएम के प्रथम से 19वें बैच तथा बी.एससी. नर्सिंग के प्रथम से 21वें बैच के 180 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग भिलाई का प्रथम एलुमनाई मीट अत्यंत उत्साह, उमंग और आनंद के साथ मनाया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में जीएनएम के प्रथम से 19वें बैच तथा बी.एससी. नर्सिंग के प्रथम से 21वें बैच के 180 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर संस्था के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कई विशिष्ट व्यक्तित्व उपस्थित थे। इनमें भिलाई एजुकेशन ट्रस्ट के सचिव सुरेन्द्र गुप्ता, पी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, भिलाई के पूर्व चेयरमैन के. पटेल, पूर्व प्राचार्या डॉ. एम. ई. पाटलिया, पूर्व फैकल्टी सुधा कांता साइमन, जे.यू.के. एलन, रोज़ी सैमुअल, वर्तमान प्राचार्या डॉ. जी. हेमावती, जी.एन.एम. प्रथम बैच की पूर्व छात्रा एंजेलिना पैट्रिक एवं कॉलेज की पूर्व हॉस्टल वार्डन सुषमा मानिक शामिल थीं। सभी का पुष्पगुच्छ देकर आत्मीय स्वागत किया गया।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत मधुर स्वागत गीत से हुई, जिससे पूरा वातावरण आनंदमय हो गया। इस अवसर पर सुष्मिता रॉय एवं रितेश सोनवानी द्वारा तैयार किया गया एक वीडियो प्रदर्शित किया गया, जिसमें स्कूल ऑफ नर्सिंग से कॉलेज ऑफ नर्सिंग तक के परिवर्तन तथा लैब सहित अधोसंरचना को दर्शाया गया था। सभी ने इस वीडियो की खूब सराहना की। इस अवसर पर एलुमनाई एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती रीना वर्गीस ने स्वागत भाषण दिया।

पूर्व प्राचार्या डॉ. रोजा प्रिंसी ने अपने संबोधन में एलुमनाई मीट की परिकल्पना और शुरुआत के पीछे की सोच को साझा किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पूर्व छात्रों को उनकी मातृ संस्था से पुनः जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।

वर्तमान प्राचार्या डॉ. जी. हेमावती ने संस्था की उपलब्धियों, अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को आकार देने में शिक्षकों एवं एलुमनाई के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।

पूर्व प्राचार्या डॉ. एम. ई. पाटलिया ने बताया कि उनके कार्यकाल में एम.एससी. नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग, जी.एन.एम. एवं ए.एन.एम. सहित कई शैक्षणिक कार्यक्रम प्रारंभ किए गए और उनका विस्तार किया गया।

पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, भिलाई के पूर्व चेयरमैन के. पटेल ने अपने संबोधन में नर्सिंग पेशे के महत्व और गरिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने नर्सों द्वारा की जाने वाली निस्वार्थ, दयालु और मानवीय सेवा की अत्यंत सराहना की।

भिलाई एजुकेशन ट्रस्ट के सचिव सुरेन्द्र गुप्ता ने संस्था को प्रगति की यात्रा जारी रखने, शैक्षणिक उत्कृष्टता बनाए रखने तथा एलुमनाई समुदाय के साथ संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने एन.आर.आई. एलुमनाई से छात्रों के साथ अपनी विशेषज्ञता साझा करने का आग्रह किया।

स्कूल ऑफ नर्सिंग, भिलाई की पूर्व ट्यूटर जेयूके एलन एवं जीएनएम प्रथम बैच की पूर्व छात्रा एंजेलिना पैट्रिक ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया तथा अपने प्रशिक्षण काल की यादें साझा कीं। सभी अतिथियों का शॉल एवं मोमेंटो से सम्मान विभिन्न देशों से आए एलुमनाई द्वारा किया गया। यह सम्मान उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं उपस्थिति के प्रति संस्था की कृतज्ञता का प्रतीक था। उद्घाटन कार्यक्रम का समापन एलुमनाई एसोसिएशन की सचिव इंद्रजीत कौर द्वारा दिए गए औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ।

भारत के विभिन्न भागों तथा विभिन्न देशों से आए एलुमनाई ने इस आयोजन में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत एलुमनाई ने अपनी मातृ संस्था के प्रति कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया। एन.आर.आई. एलुमनाई नर्स प्रैक्टिशनर, क्लिनिकल नर्स स्पेशलिस्ट, प्लेसमेंट एजेंसी के सी.ई.ओ. आदि के रूप में कार्यरत हैं। भारत में पदस्थ एलुमनाई नर्स एजुकेटर, नर्सिंग अधीक्षक, नर्सिंग अधिकारी के रूप में केंद्र शासन (एम्स, बी.एम.एच.आर.सी., रेलवे), राज्य शासन, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र में विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं।

समस्त पी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग परिवार ने समय-समय पर एलुमनाई द्वारा दी गई वित्तीय सहायता के प्रति हार्दिक आभार एवं सच्ची सराहना व्यक्त की। इस भव्य एलुमनाई मीट का सफल आयोजन एवं सुचारू संचालन एलुमनाई एसोसिएशन की सचिव इंद्रजीत कौर एवं कोषाध्यक्ष डॉ. डेज़ी अब्राहम के महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान से संभव हुआ, जिन्हें पी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग की सभी वरिष्ठ फैकल्टी एवं जे.एल.एन.एच. एंड आर.सी., भिलाई के एलुमनाई का सक्रिय सहयोग मिला।