Good News: भिलाई की सड़कों पर अब ई-बसों की रफ्तार, ट्रायल के लिए पहुंची पहली इलेक्ट्रिक बस

अधिकारी-कर्मचारी ई बस में सवार होकर नेहरू नगर चौक, सूर्या माल चौक , शंकराचार्य हॉस्पिटल, धमधा रोड, ग्रीन चौक, दुर्ग रेल्वे स्टेशन रोड, दुर्ग बस स्टैंड, राजेन्द्र प्रसाद चौक, ठगड़ा बांध, पंथी चौक होते हुए रिसाली से भिलाई तक ट्रायल किया गया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों को सस्ती, सुलभ एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में ई-बस सेवा प्रारंभ की जा रही है। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम भिलाई को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। शासन के निर्देशानुसार प्रथम चरण में 20 ई-बसों को सड़कों पर संचालित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए निगम द्वारा विभिन्न मार्गों का रूट चार्ट भी तैयार कर लिया गया है।

ई-बस सेवा प्रारंभ करने की दिशा में आज नगर पालिक निगम भिलाई को ट्रायल के लिए एक इलेक्ट्रिक बस उपलब्ध कराई गई। बस के पहुंचने पर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने इसमें सफर कर इसकी संचालन व्यवस्था और यात्रा का अनुभव लिया। इस दौरान अधिकारी-कर्मचारी ई बस में सवार होकर नेहरू नगर चौक, सूर्या माल चौक , शंकराचार्य हॉस्पिटल, धमधा रोड, ग्रीन चौक, दुर्ग रेल्वे स्टेशन रोड, दुर्ग बस स्टैंड, राजेन्द्र प्रसाद चौक, ठगड़ा बांध, पंथी चौक होते हुए रिसाली से भिलाई तक ट्रायल किया गया।

 यह ट्रायल ई-बस सेवा के सुचारू संचालन की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ई-बस सेवा शुरू होने से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, रिसाली, भिलाई चरोदा एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन के लिए एक बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी। विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं आम यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। 

इलेक्ट्रिक बसें होने के कारण पर्यावरण प्रदूषण में कमी लाने के साथ ही शहर में स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। संचालन व्यवस्था को समझने के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं निगम आयुक्त सुरुचि सिंह दुर्ग बस स्टैंड पहुंचे और प्रधानमंत्री ई बस सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त किये। 

निगम द्वारा तैयार किए गए रूट चार्ट के अनुसार बसों के संचालन की आगामी तैयारियां की जा रही हैं। ट्रायल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित योजना के अनुरूप ई-बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। इससे भिलाई शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और नागरिकों को सुविधाजनक यातायात का एक बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।