हिट एंड रन: ऑल PSU एससी-एसटी इम्प्लाइज फेडरेशन अध्यक्ष सुनील रामटेके की पत्नी का एक्सीडेंट, रीढ़ और पसलियां फ्रैक्चर, FIR

सेक्टर 4 चौक पर सुनील रामटेके की पत्नी की स्कूटी को टक्कर मारकर भागा अज्ञात वाहन। सेक्टर 9 हॉस्पिटल से रेफर। स्पर्श हॉस्पिटल के आइसीयू में भर्ती।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई के सेक्टर 4 चौक पर सड़क हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ऑल PSU फेडरेशन के चेयरमैन सुनील कुमार रामटेके की पत्नी वीणा रामटेके (55 वर्ष) को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है। उनकी रीढ़ और पसलियों में भी फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। 4 पसली टूटी, कॉलर बोन फ्रैक्चर, कान से खून तक आया। हेड इंज्युरी है। हादसे के बाद सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। न्यूरो की बेहतर सुविधा के लिए यहां से रेफर कराकर स्पर्श हॉस्पिटल के आइसीयू में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, उपचार जारी है। 

घटना 12 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई गई है। सुनील कुमार रामटेके ने भिलाई भट्टी थाने में आवेदन देकर दुर्घटना की जांच और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 (A), 125 (B) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

स्कूटी से जा रही थीं ड्राईक्लीनर्स की ओर

पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, वीणा रामटेके अपनी स्कूटी से सेक्टर 2 लाउंड्री जा रही थीं। इसी दौरान सेक्टर 4 चौक पर अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और रीढ़ व पसलियों में फ्रैक्चर हुआ। घटना के बाद पुलिस कांस्टेबल उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद परिजनों को दुर्घटना की जानकारी मिली।

अज्ञात वाहन और चालक की तलाश

सुनील कुमार रामटेके ने थाना प्रभारी से हादसे की तत्काल जांच कराने और फरार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना किस वाहन से हुई और टक्कर मारने के बाद चालक मौके से कैसे फरार हुआ। सड़क पर घायल महिला को छोड़कर भागने वाले अज्ञात वाहन चालक की पहचान और गिरफ्तारी पुलिस जांच का अहम पहलू है।