बोकारो विस्थापितों की भूख हड़ताल जारी, आंदोलनकारियों संग विधायक श्वेता ने पकड़ी मोमबत्ती, भीड़ पहुंची एडीएम तक
टू टैंक गार्डन से एडीएम गेट तक हाथों में मोमबत्ती लिए प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे थे। उनके साथ शांतिपूर्ण कैंडल मार्च में विधायक श्वेता सिंह भी शामिल हुईं।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल प्रबंधन की नीतियों और कार्मिकों व विस्थापितों की मांगों को लेकर आंदोलन जारी है। भिलाई में विधायक देवेंद्र यादव आमरण अनशन तक बैठ चुके हैं। अब बोकारो की कांग्रेसी विधायक श्वेता सिंह मोर्चा संभाले हुए हैं।
नौकरी की मांग को लेकर विस्थापितों का आंदोलन जारी है। टू टैंक गार्डन में जारी विस्थापितों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के दौरान कैंडल मार्च निकाला गया। टू टैंक गार्डन से एडीएम गेट तक हाथों में मोमबत्ती लिए प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे थे। उनके साथ शांतिपूर्ण कैंडल मार्च में विधायक श्वेता सिंह भी शामिल हुईं।
बोकारो विधायक ने कहा-इस आंदोलन में मैं स्वयं विस्थापित भाई-बहनों के साथ भूख हड़ताल पर बैठी हूँ। यह संघर्ष केवल रोजगार की मांग नहीं, बल्कि उन विस्थापित परिवारों के हक़, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है, जिन्होंने बोकारो इस्पात संयंत्र के निर्माण के लिए अपनी जमीन, घर और अपनी विरासत तक समर्पित कर दी।
कैंडल मार्च के माध्यम से बीएसएल प्रबंधन का ध्यान विस्थापितों की वर्षों से लंबित समस्याओं की ओर आकृष्ट करते हुए उनके हक़, रोजगार और सम्मान के लिए ठोस एवं निर्णायक कार्रवाई की मांग की। विस्थापितों को उनका वाजिब हक़ मिलने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।