SAIL IISCO Steel Plant: ड्यूटी पर नहीं पहुंचे कर्मचारी, घर का दरवाजा तोड़ा सामने दिखी लाश, इधर-BSP के डिप्टी मैनेजर के पिता का निधन

सेल इस्को स्टील प्लांट के BOF क्रेन इलेक्ट्रिकल विभाग में कार्यरत विजय कुमार बाउरी का शव घर में मिला। दरवाजा तोड़कर पुलिस ने शव बरामद किया।

सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर/भिलाई। सेल (SAIL) के इस्को स्टील प्लांट (IISCO Steel Plant) से एक दुखद खबर सामने आई है। प्लांट के BOF क्रेन इलेक्ट्रिकल विभाग में कार्यरत कर्मचारी विजय कुमार बाउरी अपने क्वार्टर में मृत पाए गए। वह जनरल शिफ्ट में ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर सहकर्मियों ने सुरक्षा कर्मियों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां बालकनी में उनका शव मिला। शरीर से खून निकल रहा था। इधर-सेल भिलाई स्टील प्लांट-BSP के पूर्व डिप्टी मैनेजर का निधन हो गया है। 

मिली जानकारी के मुताबिक आइएसपी बर्नपुर के कर्मचारी विजय कुमार बाउरी न्यू टाउन क्वार्टर, रोड नंबर-13, क्वार्टर नंबर 13E-2 में रहते थे। बुधवार को उनकी जनरल शिफ्ट में ड्यूटी थी, लेकिन वह काम पर नहीं पहुंचे। उनकी अनुपस्थिति पर विभाग के इंचार्ज ने सहकर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद कुछ सहकर्मी उनके क्वार्टर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया।

करीब 40 मिनट तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा विभाग, एंबुलेंस और हीरापुर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में क्वार्टर का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बालकनी में विजय कुमार बाउरी अचेत अवस्था में मिले। उन्हें मृत पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के लिए आगे की कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि विजय कुमार बाउरी अविवाहित थे। उनके माता-पिता का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था। जानकारी के मुताबिक कुछ महीने पहले उन्हें लकवे (पैरालिसिस) की शिकायत भी हुई थी। इस घटना से सहकर्मियों और इस्को स्टील प्लांट के कर्मचारियों में शोक का माहौल है। अचानक हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। बर्नपुर डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन ने दिवंगत कर्मचारी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने की कामना की। 

जगनारायण चौधरी का निधन

आशीष नगर वेस्ट, रिसाली निवासी जगनारायण चौधरी (उम्र 82 वर्ष) का 18 नवंबर 2026 को बीएसपी के सेक्टर-9 अस्पताल में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार रिसाली मुक्तिधाम में संपन्न हुआ। उनके पुत्र वी. के. चौधरी, उपेंद्र चौधरी एवं श्रीमती संगीता सिन्हा हैं। विदित हो कि उनके सुपुत्र वी. के. चौधरी भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग में उप प्रबंधक (डिप्टी मैनेजर) के पद पर कार्यरत होने के साथ-साथ क्यूसीएफआई (QCFI), भिलाई चैप्टर के कोषाध्यक्ष (ट्रेजरर) भी हैं।