IISCO Steel Plant: कोक ओवन बैटरी 11 के प्लेटफॉर्म से 12 फीट नीचे गिरा सुपरवाइजर, ज़ख्मी

हादसे खबर लगते ही दुर्गापुर एवं इस्को स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज सुरजीत मिश्र घटनास्थल पर पहुंच गए। सुरक्षित कामकाज पर जोर दिए।

सूचनाजी न्यूज, बर्नपुर। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के इस्को स्टील प्लांट में हादसा हो गया है। सेल आइएसपी के कोक ओवन बैटरी 11 में कार्य के दौरान सुपरवाइजर ऊंचाई से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से चोट लगी है। प्राथमिकि उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंदरुनी चोट की वजह से हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे खबर लगते ही दुर्गापुर एवं इस्को स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज सुरजीत मिश्र घटनास्थल पर पहुंच गए। सुरक्षित कामकाज पर जोर दिए।

सेल आइएसपी में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे कोक ओवेन बैटरी 11 में 40 वर्षीय ठेका कंपनी के सुपरवाइजर अटल सिंह हादसे की चपेट में आ गए। पायल इंटरप्राइजेज के सुपरवाइजर अटल कोक साइड प्लेटफॉर्म पर सफाई आदि का कार्य करा रहे थे, तभी करीब 12 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गए। सिर में गहरी चोट लगी है। आसनसोल ईएसआईसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां से आसनसोल मिड वेस्ट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि अटल 12 फीट की ऊंचाई से कोक लाइन ट्रैक पर गिरे, जिससे कमर और सिर में चोट लगी। मौके पर ही बेहोश हो गए थे। कार्मिकों का कहना है कि जिस वक्त अटल नीचे गिरे, वह इलेक्ट्रिक लाइन की चपेट में नहीं आए, अन्यथा बड़ा हादसा होना तय था। वहीं, हादसे के बाद कार्मिक तत्काल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों से उपचार आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली गई। आइएसपी प्रबंधन भी एक्टिव हो गया है। प्लांट में सेफ्टी को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। आयेदिन हादसे हो रहे हैं।