SAIL BSP: ठेका श्रमिकों के परिवारों को इंटक ने दी सहयोग राशि, जानें कितना मिला पैसा
श्रमिक वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से अब तक 196 ठेका श्रमिकों को मिली आर्थिक सहायता। अध्यक्ष संजय साहू बोले-एसोसिएशन के माध्यम से जरूरतमंद ठेका श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र के ठेका श्रमिकों की सुविधाओं में वृद्धि, समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से यूनियन द्वारा श्रमिक वेलफेयर एसोसिएशन का गठन किया गया है। इस एसोसिएशन के माध्यम से जरूरतमंद ठेका श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है। अब तक एसोसिएशन के माध्यम से 196 ठेका श्रमिकों को सहयोग राशि प्रदान की जा चुकी है। यूनियन कार्यालय में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में विभिन्न जरूरतमंद श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इसके अंतर्गत वायर रॉड मिल में कार्यरत स्वर्गीय कामता प्रसाद साहू, जिनका बीमारी के कारण निधन हो गया था, उनके परिवार की ओर से उनके पिता संतोष कुमार साहू को ₹10,000 की सहयोग राशि प्रदान की गई।
इसी प्रकार टीएंडडी विभाग के मोहित सिंह को बीमारी के कारण ड्यूटी नहीं कर पाने की स्थिति में ₹4,000, आरसीएल के जितेश कुमार ठाकुर को ₹2,000 तथा शिवकुमार यादव को ₹3,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष संजय साहू ने कहा कि श्रमिक वेलफेयर एसोसिएशन केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बीएसपी के ठेका श्रमिकों की समस्याओं के समाधान, वेतन वृद्धि, बेहतर सुविधाएं, परिवारों के विकास, कौशल उन्नयन, कल्याण एवं सुरक्षा के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक ठेका श्रमिकों के सम्मानजनक जीवन और उनके परिवारों के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना यूनियन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में सीपी वर्मा, दीनानाथ सिंह, सारवा आर. दिनेश, मनोहर लाल, गुरुदेव साहू, जयराम ध्रुव, संतोष ठाकुर, दामन लाल, के. रामू, कान्हा देवेंद्र कुमार, धर्मेंद्र चौरे, नरेंद्र कुमार, टोमन लाल साहू, नारायण साहू सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित थे।