भिलाई स्टील प्लांट में जारी करें केंद्रीय न्यूनतम वेतन, बढ़ चुकी है मजदूरी, इंटक बोला-अधिकारी की छुट्टी से सर्कुलर रोकना ठीक नहीं...
ठेका श्रमिकों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में निर्धारित हुई दैनिक मजदूरी, श्रमिकों को मिलेगा लाभ। इंटक ठेका यूनियन ने बीएसपी प्रबंधन से कहा-जल्द जारी करें सर्कुलर।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक भिलाई ने सेल प्रबंधन से मांग की है भिलाई इस्पात संयंत्र में भी ठेका श्रमिकों के लिए केंद्रीय न्यूनतम मजदूरी की नई दरों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का आदेश जारी किया जाए। यूनियन ने कहा कि भारत सरकार के श्रम ब्यूरो की अधिसूचना के आधार पर बर्नपुर इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने सर्कुलर जारी किया है। सेल इस्को स्टील प्लांट में सर्कुलर जारी हो चुका है। जबकि भिलाई सर्कुलर सबसे पहले जारी होना था। यहां अधिकारी छुट्टी पर थे, जिसकी वजह से सर्कुलर अलटा हुआ है। इंटक का कहना है कि प्रबंधन इस तरह की ढिलाई न बरते।
बर्नपुर में जारी सर्कुलर के अनुसार दैनिक मजदूरी की दरें इस प्रकार
1. अकुशल श्रमिक: ₹704 प्रतिदिन।
2. अर्धकुशल एवं अकुशल सुपरवाइजरी: ₹794 प्रतिदिन।
3. कुशल एवं क्लेरिकल श्रमिक: ₹933 प्रतिदिन।
4. अत्यधिक कुशल श्रमिक: ₹1,024 प्रतिदिन।
इसके अतिरिक्त सुरक्षा कार्य में बिना हथियार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए ₹933 तथा आर्म्स के साथ ड्यूटी करने वाले सुरक्षा कर्मचारियों के लिए ₹1,024 प्रतिदिन की दर निर्धारित की गई है। स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक भिलाई के अध्यक्ष संजय कुमार साहू ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र में हजारों ठेका श्रमिक विभिन्न विभागों में उत्पादन एवं अनुरक्षण कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। संयंत्र के उत्पादन और संचालन में ठेका श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में उन्हें केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने बीएसपी प्रबंधन से मांग की कि बर्नपुर की तरह भिलाई इस्पात संयंत्र में भी तत्काल सर्कुलर जारी किया जाए।
यूनियन ने कहा कि ठेका श्रमिकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों की रक्षा के लिए स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक लगातार संघर्षरत है। श्रमिकों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाना यूनियन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।