SAIL NEWS: इंटक ने सौंपा नए वेतन समझौते का चार्टर ऑफ डिमांड, बकाया एरियर लेंगे, पढ़ें सभी मांग
126 सूत्रीय मांगों में कर्मचारियों के लिए एस-1 का न्यूनतम बेसिक ₹55,810 एवं ठेका श्रमिकों के नियमितीकरण की मांग प्रमुख। कर्मचारियों के लिए एस-12, एस-13 एवं एस-14 नए ग्रेड बनाए जाएं तथा नया ई-क्लस्टर और नया पे स्केल लागू किया जाए।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील एम्पलाइज यूनियन इंटक के महासचिव संजय कुमार साहू के नेतृत्व में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सेल अध्यक्ष एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी के नाम वरिष्ठ प्रबंधक (औद्योगिक संबंध) राहुल थोटे को आगामी वेतन समझौते के लिए विस्तृत चार्टर ऑफ डिमांड एवं 39 माह के लंबित एरियर के भुगतान के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
इंटक यूनियन ने मांग की है कि जल्द से जल्द पूर्ण एनजेसीएस की बैठक बुलाई जाए तथा 1 जनवरी 2017 से प्रभावशील वेतन समझौते को पूर्ण करते हुए कर्मचारियों को 39 महीने का लंबित एरियर तत्काल प्रदान किया जाए।
कर्मचारियों के लिए प्रमुख मांगें
1. एस-1 ग्रेड के कर्मचारियों का न्यूनतम बेसिक वेतन ₹55,810 किया जाए।
2. 31 दिसंबर 2026 तक के महंगाई भत्ते को 100 प्रतिशत बेसिक में मर्ज कर 40 प्रतिशत एमजीबी दिया जाए।
3. एस-11 ग्रेड का अधिकतम बेसिक वेतन ₹2,40,200 निर्धारित किया जाए।
4. नया वेतन समझौता पांच वर्ष के लिए किया जाए।
5. वार्षिक वेतन वृद्धि ओपन एंडेड पे स्केल के आधार पर लागू हो।
6. सभी कर्मचारियों को प्रतिवर्ष 4 प्रतिशत इंक्रीमेंट दिया जाए।
7. सेल के लाभ एवं बेहतर उत्पादन को देखते हुए चार अतिरिक्त वेतन वृद्धि दी जाए।
8. कर्मचारियों को 46 प्रतिशत पर्क्स एवं अनुलाभ प्रदान किए जाएं।
9. कर्मचारियों के लिए एस-12, एस-13 एवं एस-14 नए ग्रेड बनाए जाएं तथा नया ई-क्लस्टर और नया पे स्केल लागू किया जाए।
10. कर्मचारियों के लिए प्रतिवर्ष ₹50,000 त्योहार अग्रिम दिया जाए।
11. मासिक इंसेंटिव स्कीम को बढ़ाकर बेसिक वेतन का 20 प्रतिशत किया जाए।
12. प्रतिवर्ष 15 दिन आकस्मिक अवकाश (सीएल) एवं 30 दिन अर्जित अवकाश दिया जाए तथा ईएल एवं एचपीएल की संचय सीमा समाप्त की जाए।
13. रात्रि भत्ता बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन किया जाए।
14. नर्सिंग यूनिफॉर्म एवं वॉशिंग अलाउंस में 200 प्रतिशत वृद्धि की जाए।
15. सेल पेंशन में प्रतिवर्ष बेसिक वेतन का 9 प्रतिशत अंशदान किया जाए।
16. कर्मचारियों को बेहतर शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा ईएफबीएस स्कीम में सुधार किया जाए।
17. कर्मचारियों के लिए 3 बीएचके, गैरेज सहित सर्वसुविधायुक्त नए आवास बनाए जाएं।
18. 650 वर्गफीट तक के आवास कर्मचारियों को लाइसेंस योजना के तहत उपलब्ध कराए जाएं।
19. सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की बेहतर व्यवस्था के साथ माइंस अलाउंस सहित अन्य भत्तों में वृद्धि की जाए।
ठेका श्रमिकों के लिए 16 सूत्रीय मांगें
इंटक यूनियन ने सेल में कार्यरत हजारों ठेका श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए 16सूत्रीय मांगें भी चार्टर ऑफ डिमांड में शामिल की हैं। इनमें प्रमुख रूप से—
1. ठेका श्रमिकों को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जाए।
2. पात्र एवं लंबे समय से कार्यरत ठेका श्रमिकों को एस-1 ग्रेड में नियमित किया जाए।
3. लंबे समय से कार्यरत ठेका श्रमिकों का पंजीयन कर चरणबद्ध तरीके से नियमितीकरण किया जाए।
4. समान कार्य के लिए समान वेतन लागू किया जाए।
5. नियमित कर्मचारियों के समान सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
6. रात्रि भत्ता, आवास भत्ता एवं मोटरसाइकिल भत्ता दिया जाए।
7. ठेका श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा सुविधा प्रदान की जाए।
8. नियमित कर्मचारियों की भांति इंसेंटिव दिया जाए।
9. ठेका श्रमिकों के लिए पदोन्नति नीति बनाई जाए।
10. ठेका श्रमिकों को कार्य की गारंटी दी जाए।
11. प्रत्येक ठेका श्रमिक का ₹50 लाख का दुर्घटना बीमा कराया जाए।
12. प्रतिवर्ष वेतन वृद्धि दी जाए।
13. एडीब्ल्यूए की राशि को मूल वेतन में समाहित कर नया बेसिक वेतन निर्धारित किया जाए।
सेल प्रबंधन के रवैये से कर्मचारियों में नाराजगी
महासचिव संजय कुमार साहू ने कहा कि सेल प्रबंधन के तानाशाहीपूर्ण रवैये से कर्मचारियों का मनोबल कमजोर हो रहा है, जबकि सेल के कर्मवीर कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी पूरी मेहनत, लगन एवं प्रतिबद्धता के साथ उत्पादन के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने अपने परिश्रम से सेल को बेहतर उत्पादन एवं लाभ की स्थिति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में कर्मचारियों को उनके परिश्रम का उचित आर्थिक लाभ एवं बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
संजय साहू ने प्रबंधन से मांग की कि चार्टर ऑफ डिमांड में प्रस्तुत सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द से जल्द नई वेतन समिति का गठन किया जाए तथा पुराने वेतन समझौते के 39 माह के लंबित एरियर का भुगतान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन द्वारा मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो इंटक यूनियन कर्मचारियों के अधिकारों के लिए व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूरन वर्मा, जी.आर. सुमन, गिरिराज देशमुख, सुरेश श्याम कुंवर, विश्वनाथ सिंह साहू, जे.के. सूर्यवंशी, शिव शंकर सिंह, रेशम राठौर, सी.पी. वर्मा, ताम्रध्वज सिन्हा, गुरुदेव साहू, राजकुमार, दीनानाथ सिंहसार्वा, जयराम ध्रुव, गोविंद राठौर, डी.पी. खरे, राजकुमार नायर, सरोज राठौर, संतोष ठाकुर, भावेश बारिक, आनंद खालरकर, आर. दिनेश, किशोर प्रधान सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी उपस्थित थे।