हुडको के सेकंड-थर्ड पार्टी मकानों का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा, पट्टा देने की मांग
हुडको संघर्ष समिति ने पट्टा देने के लिए 2008 की गाइडलाइन दर या वर्तमान दर का 2% लेने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जनदर्शन में मिले हुडको संघर्ष समिति के प्रतिनिधि। 2008 की गाइडलाइन दर या वर्तमान गाइडलाइन मूल्य का 2 प्रतिशत लेकर पट्टा देने का सुझाव, शासन को एकमुश्त राजस्व मिलने की भी उम्मीद।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। आमदी नगर हुडको, भिलाई के सेकंड और थर्ड पार्टी आवासों के मालिकाना हक का मामला अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तक पहुंच गया है। हुडको संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम में उनसे मुलाकात कर इन आवासों के लिए शीघ्र पट्टा जारी करने की मांग की है। समिति ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्रालय के माध्यम से इस लंबित समस्या का निराकरण कराने का आग्रह किया है।
हुडको संघर्ष समिति के संयोजक जावेद खान एवं संरक्षक रविशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष इस समस्या की पृष्ठभूमि और अब तक हुई प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी रखी। उन्होंने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आमदी नगर हुडको में मूल आबंटियों को आवास आवंटित किए गए थे। इनमें से कई मूल आबंटियों ने अपने मकान बेच दिए। पावर ऑफ अटॉर्नी अथवा इकरारनामा के माध्यम से मकानों की खरीद-बिक्री हुई और वर्तमान में दूसरे एवं तीसरे खरीदार इन आवासों में निवास कर रहे हैं। इन्हें ही सेकंड और थर्ड पार्टी कहा जाता है।
2019 में हुआ था डोर-टू-डोर सर्वे
समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक, सेकंड पार्टी के आवासों की समस्या के समाधान के लिए वर्ष 2019 में नजूल विभाग ने डोर-टू-डोर सर्वे कराया था। इसके लिए बाकायदा रजिस्टर तैयार किया गया और नजूल विभाग के रिकॉर्ड में सेकंड पार्टी के नाम दर्ज किए गए। इसके बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्रालय से इन आवासों के संबंध में मार्गदर्शन मांगा गया था।
समिति ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्रालय ने 18 फरवरी 2022 को जारी लिखित आदेश में उल्लेख किया था कि जिन मूल आबंटियों ने अपने आवास बेच दिए हैं और अब वहां क्रेता निवास कर रहे हैं, उनका मामला शासन स्तर पर विचाराधीन है। साथ ही, ऐसे विक्रेताओं के लिए पृथक से आदेश जारी किए जाने की बात कही गई थी।
समिति का कहना है कि इस आदेश से स्पष्ट है कि सेकंड पार्टी के आवासों का मामला पहले से ही शासन के विचाराधीन है। ऐसे में अब इस पर अंतिम निर्णय लेकर आवासधारकों को मालिकाना हक देने की जरूरत है।
कलेक्टर दुर्ग से मांगा गया है मार्गदर्शन
जावेद खान और रविशंकर सिंह ने बताया कि हुडको संघर्ष समिति की पहल पर जिला प्रशासन ने भी 15 जनवरी 2025 को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्रालय से इस विषय में मार्गदर्शन मांगा था। समिति लगातार मंत्रालय से पत्राचार कर रही है। इसी प्रक्रिया के तहत हाल ही में राजस्व सचिव ने कलेक्टर दुर्ग से इस विषय पर अभिमत और सुझाव मांगा है। इसमें विशेष रूप से पूछा गया है कि यदि सेकंड और थर्ड पार्टी के आवासधारकों को पट्टा प्रदान किया जाता है तो वार्षिक भू-भाटक और प्रीमियम की दर क्या निर्धारित की जा सकती है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आमदी नगर हुडको के पट्टा निष्पादन के लिए शासन ने कलेक्टर दुर्ग को अधिकृत किया है। ऐसे में कलेक्टर से मांगा गया अभिमत इस लंबित मामले के निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
मुख्यमंत्री को दिया पट्टा देने का सुझाव
हुडको संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आग्रह किया है कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 18 फरवरी 2022 को जारी आदेश की कंडिका-3 पर विशेष रूप से विचार किया जाए और सेकंड-थर्ड पार्टी के आवासों का समाधान निकाला जाए।
समिति ने सुझाव दिया है कि वर्ष 2008 में जब हुडको की भूमि नजूल विभाग को हस्तांतरित हुई थी, उस समय की गाइडलाइन दर के आधार पर अथवा वर्तमान गाइडलाइन मूल्य का 2 प्रतिशत लेकर पट्टा प्रदान करने की व्यवस्था बनाई जाए। इसके साथ ही गाइडलाइन मूल्य के आधार पर स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क लेकर आवासों के पट्टा पंजीयन का रास्ता खोला जाए।
समिति का मानना है कि इस व्यवस्था से वर्षों से अपने मकानों में रह रहे सेकंड और थर्ड पार्टी आवासधारकों को कानूनी मालिकाना हक मिल सकेगा। वहीं, शासन को भी पट्टा प्रीमियम, भू-भाटक और पंजीयन शुल्क के रूप में एकमुश्त राजस्व प्राप्त होगा।
हुडको संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री से जनहित में इस मामले का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है, ताकि आमदी नगर हुडको के हजारों प्रभावित परिवारों को लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता से राहत मिल सके।