जनजातीय गौरव दिवस 2026: बोकारो स्टील प्लांट में मिलेट्स आधारित पाककला, बीएसएल कर्मियों की पत्नीजी ने चखाया ज़ायका

बोकारो स्टील प्लांट ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों के तहत देश की समृद्ध जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता एवं स्वदेशी खानपान की विरासत को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। Tribal Pride Day (Janjatiya Gaurav Diwas): जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के मानव संसाधन विभाग के तत्वावधान में एचआर/एलएंडडी रिट्रीट में एक आकर्षक एवं उत्साहपूर्ण पाककला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम “जनजातीय विरासत और मिलेट्स की पौष्टिकता का संगम” रखी गई थी।

इस प्रतियोगिता में 16 बीएसएल कर्मियों की पत्नियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों ने झारखंड की समृद्ध पारंपरिक पाककला, जनजातीय खानपान की विशिष्ट संस्कृति तथा मोटे अनाज (मिलेट्स) के पोषण संबंधी महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में सीजीएम (एचआर) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को अपनी पाककला प्रतिभा एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ झारखंड की जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक व्यंजनों की समृद्ध विरासत को प्रस्तुत करने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान किया।

प्रतिभागियों ने मिलेट्स से तैयार विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन प्रस्तुत किए। इन व्यंजनों में पारंपरिक पाककला और आधुनिक प्रस्तुति का सुंदर समन्वय देखने को मिला। प्रत्येक व्यंजन को विशेष रचनात्मकता, सावधानी और आकर्षक ढंग से तैयार एवं प्रस्तुत किया गया, जिससे प्रतियोगिता एक यादगार पाककला अनुभव बन गई।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन जेएन हांसदा, सीजीएम (शॉप्स एंड फाउंड्री) तथा सुनीता मिंज, जीएम (आरसीएल) द्वारा किया गया। दोनों निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रयासों और व्यंजनों की विविधता की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उनकी पाककला प्रतिभा की प्रशंसा की।

यह आयोजन खानपान, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का एक सुंदर उत्सव साबित हुआ। प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल मिलेट्स जैसे पारंपरिक एवं पौष्टिक खाद्यान्नों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई, बल्कि जनजातीय समुदायों की समृद्ध खाद्य संस्कृति एवं पारंपरिक पाककला विरासत को भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।

इस पहल के माध्यम से बोकारो स्टील प्लांट ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों के तहत देश की समृद्ध जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता एवं स्वदेशी खानपान की विरासत को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।