कार्तिक पूर्णिमा महोत्सव 2026: जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धा, भक्ति का मेला, प्रसाद लेने उमड़ा 5 हजार से ज्यादा भक्तों का रेला

श्री जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर 4 में धूमधाम से मनाया गया कार्तिक पूर्णिमा महोत्सव। अखंड हरि नाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर। ओडिशा से आमंत्रित कीर्तन दल ने अपने पारंपरिक नृत्य और भावपूर्ण नाम संकीर्तन से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। श्री जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर 4 में आज कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे पारंपरिक गंगा आवाहन के साथ हुआ, जिसके पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना कर 'अखंड हरि नाम संकीर्तन' प्रारंभ किया गया।

अखंड संकीर्तन और ओडिशा के कीर्तन दल ने बिखेरी भक्ति की छटा

मंदिर के सदस्यों, स्थानीय कीर्तन मंडलियों और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक नाम जप किया। ढोल-मंजीरों की थाप पर नृत्य करते और परिक्रमा लगाते भक्तों के मुख से निकलते "हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम, हरे राम, राम राम हरे हरे" के महामंत्र से संपूर्ण मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। 

इस अवसर पर विशेष रूप से ओडिशा से आमंत्रित कीर्तन दल ने अपने पारंपरिक नृत्य और भावपूर्ण नाम संकीर्तन से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्तिक पूर्णिमा की संपूर्ण पूजा विधि पंडित पितवास पाढ़ी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई।

महाभोग भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल महाभोग वितरण (भंडारा) का आयोजन किया गया। देर शाम तक चले इस महाभोग में 5,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन समिति का योगदान

इस भव्य उत्सव को सफल बनाने में श्री जगन्नाथ समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र सतपथी और महासचिव सत्यवान नायक के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों त्रिनाथ साहू, भीम स्वांई, बसंत प्रधान, बी. सी. बिस्वाल, अनाम नाहक, डी. त्रिनाथ, वृंदावन स्वांई, निरंजन महाराणा, लखन बिस्वाल, प्रकाश स्वांई, कैलाश पात्रो, प्रकाश दास, कालू बेहेरा, रंजन महापात्र, रवि स्वांई, कवि बिस्वाल, सीमांचल बेहेरा, रविंद्र कुमार महाकुड़,बीस केशन साहू, सुशांत सतपति और श्याम दलाई का सराहनीय योगदान रहा।