खेलो इंडिया 2026: हैदराबाद में दम दिखाएंगी छत्तीसगढ़ की 20 बालिका खो-खो खिलाड़ी, भिलाई में चयन

बीएसपी खो-खो क्लब सेक्टर-4 भिलाई में खेलो इंडिया हैदराबाद के लिए छत्तीसगढ़ की जूनियर बालिका टीम का चयन। 15 मुख्य और 5 स्टैंडबाय खिलाड़ियों का चयन हुआ।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। खेलो इंडिया में छत्तीसगढ़ की बालिका खो-खो टीम अपना दम दिखाने के लिए तैयार है। तेलंगाना के हैदराबाद में 11 से 22 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले खेलो इंडिया आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ की जूनियर बालिका खो-खो टीम का चयन ट्रायल बीएसपी खो-खो क्लब, सेक्टर-4 भिलाई में संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से 15 मुख्य खिलाड़ियों और 5 स्टैंडबाय खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

छत्तीसगढ़ शासन के संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा छत्तीसगढ़ एमेच्योर खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सुबह 11 बजे चयन ट्रायल आयोजित किया गया। यह ट्रायल केवल जूनियर वर्ग की बालिका खिलाड़ियों के लिए था। इसमें वही खिलाड़ी पात्र थीं, जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम होनी चाहिए और जिनका जन्म 1 जनवरी 2009 के बाद हुआ हो।

प्रदेश के विभिन्न जिलों की खिलाड़ियों ने दिखाया दम

चयन ट्रायल में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से पहुंची सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के लिए गठित समिति में खेल एवं युवा कल्याण जिला रायपुर का एक सदस्य, राज्य खेल संघ का एक प्रतिनिधि, लोक शिक्षण संचालनालय का एक प्रतिनिधि तथा प्रशिक्षक भुवनेश्वर साहू शामिल रहे।

छत्तीसगढ़ एमेच्योर खो-खो संघ के सचिव तरुण शुक्ला ने बताया कि चयनित 15 मुख्य और 5 स्टैंडबाय खिलाड़ियों को खेलो इंडिया हैदराबाद के लिए चुना गया है। छत्तीसगढ़ की बालिका टीम ने इस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।

विशाल शुक्ल और कमलजीत अरोरा रहे मौजूद

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसआरयू भिलाई के मुख्य महाप्रबंधक विशाल शुक्ल थे। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ एमेच्योर खो-खो संघ के अध्यक्ष कमलजीत अरोरा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक एमएंडएचएस संजय कुमार, खेल एवं सांस्कृतिक विभाग के उपमहाप्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद, संघ के सचिव तरुण शुक्ला, बीएसपी खो-खो क्लब के सचिव देवेंद्र कुमार सिंह और उपाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे।

इसके अलावा एडवेंचर खो-खो क्लब झिट के अध्यक्ष पवन ठाकुर, सुनील शर्मा, अंतरराष्ट्रीय ऑफिशियल फिरोज रहमान, बीएसपी खो-खो क्लब के कोच जफर सिद्दीकी, सचिन डोंगरे, कुलेश्वर जोशी, संदीप रात्रे सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

जिस मैदान पर हुआ राष्ट्रीय आयोजन, वहीं से नई पहल की तैयारी

कार्यक्रम के दौरान बीएसपी खो-खो क्लब के अध्यक्ष संजय कुमार ने अतिथियों को बताया कि वर्ष 2010 में इसी मैदान पर राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस अवसर पर खो-खो को फिर से राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करने और वर्ष 2025 में भारत में आयोजित खो-खो विश्व कप की सफलता को लेकर भी चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ एमेच्योर खो-खो संघ के अध्यक्ष कमलजीत अरोरा ने जानकारी दी कि आगामी वर्ष छत्तीसगढ़ में खो-खो लीग गेम्स आयोजित करने की योजना है।

वहीं, मुख्य अतिथि विशाल शुक्ल ने प्रस्ताव रखा कि बीएसपी खो-खो क्लब, छत्तीसगढ़ खो-खो संघ के साथ समन्वय स्थापित कर आगामी दिसंबर माह में राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता आयोजित कर सकता है। इस प्रस्ताव से भिलाई में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की खो-खो गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जगी है।