खो-खो इंटर क्लब चैम्पियनशिप: खिलाड़ियों ने झोंकी ताकत, ईडी-सीजीएम भी देखते रहे मैच, डॉ. उदय ने कराया मेडिकल चेकअप

प्रतियोगिता में कुल 9 क्लबों की 11 टीमों में मुकाबला हुआ। 6 टीम बालकों की एवं 5 बालिकाओं की टीमों ने हिस्सा लिया। हेल्थ चेकअप का शुभारंभ सेक्टर 9 हॉस्पिटल के इंचार्ज डाक्टर उदय ने किया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। बीएसपी खो-खो क्लब सेक्टर 4 में खिलाड़ियों के लिए मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप के साथ ही खो-खो इंटर क्लब चैम्पियनशिप आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में कुल 9 क्लबों की 11 टीमों में मुकाबला हुआ। 6 टीम बालकों की एवं 5 बालिकाओं की टीमों ने हिस्सा लिया। हेल्थ चेकअप का शुभारंभ सेक्टर 9 हॉस्पिटल के इंचार्ज डाक्टर उदय ने किया। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए ईडी एचआर पवन कुमार, सीजीएम एमएंडयू बीके बेहरा भी पहुंचे। खो-खो क्लब के अध्यक्ष संजय कुमार की मौजूदगी में मैच खेले गए। 

प्रतियोगिता का पहला मैच पाहंदा क्लब एवं पाउवारा क्लब बालिका वर्ग के बीच खेला गया, जिसमें काफी संघर्षपूर्ण एवं नजदीकी मुकाबले में पाउवारा की टीम विजयी रही। दूसरा मैच सत्या क्लब पुरइ एवं रायपुर क्लब बालक वर्ग के बीच खेला गया, जिसमें रायपुर की टीम 3 अंकों से विजयी रही। इसी बीच प्रातः 10:30 बजे जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र द्वारा आयोजित मेडिकल चेकअप कैंप का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि डॉ उदय कुमार (सी.एम.ओ.) हेड ऑफ मेडिकल द्वारा किया गया। मेडिकल टीम के सदस्य शामिल थे। तीसरा मैच पाउवारा क्लब एवं एकलव्य क्लब पहंदा बालक वर्ग के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में एकलव्य क्लब पहांदा ने 1 अंक से बाजी मारी और विजयी रही। चौथा मैच सत्या क्लब एवं एडवेंचर क्लब बालक वर्ग के बीच खेला गया, जिसमें एडवेंचर क्लब 2 अंकों से विजयी रही। 

मुख्य अतिथि अधिशाशी निदेशक (एचआर) पवन कुमार ने मेडिकल कैंप का निरीक्षण किया। उपस्थित मेडिकल स्टॉफ को साधुवाद देते हुए उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य की बधाई दी। तत्पश्चात उपस्थित समस्त खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। बीएसपी खो-खो क्लब के अध्यक्ष संजय कुमार ने पवन कुमार को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। डॉक्टर उदय कुमार हेड ऑफ मेडिकल का स्वागत देवेन्द्र कुमार सिंह ने पुष्प गुच्छ से किया। 

संजय कुमार-महाप्रबंधक प्रभारी M &HS का स्वागत फिरोज रहमान ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया। उपमहाप्रबंधक क्रीडा एव सांस्कृतिक विभाग राजेन्द्र प्रसाद का स्वागत आर पी गुप्ता ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया। ईडी एचआर पवन कुमार ने मैच देखते हुए अपने बचपन की यादें साझा की एवं खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी लोग मेहनत एवं अनुशासन से खेलते रहें। हर क्षेत्र में अनुशासन आवश्यक है। उन्होंने नेशनल प्लेयर एवं शहीद पंकज विक्रम अवार्ड विजेता 2026 बीएसपी खो-खो क्लब की खिलाड़ी झमिता साहू को सम्मानित किया। 

साथ ही उपस्थित सभी मेडिकल स्टॉफ, संजय कुमार, राजेन्द्र प्रसाद, पर्यावरण मित्र बालूराम वर्मा, रघुनंदन प्रसाद गुप्ता, देवेंद्र कुमार सिंह, सचिन डोंगरे को पौधा प्रदान कर सम्मानित किया। अध्यक्ष संजय कुमार ने मुख्य अतिथि का आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि अपने व्यस्तम समय में से भी समय निकाल कर आप आए और हमारे खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया। हमें उम्मीद है कि आगे भी इसी तरह आपका सहयोग खेल को आगे बढ़ाने में मिलता रहेगा। 

तत्पश्चात खो खो मैचों को पुनः प्रारंभ किया गया। कई रोमांचक मुकाबलों के पश्चात सबसे ज्यादा रोमांचक मैच रहा दूसरा सेमीफाइनल, जो एडवेंचर क्लब और पाऊवारा बालक वर्ग के बीच खेला गया। सांस रोक देने वाले इस रोमांचक मैच में मुकाबला बराबरी पर छुटा। टाई हुए इस मैच का परिणाम 30 सेकंड मिनिमम चेस के आधार पर हुआ, जिसमें पाऊवारा क्लब विजेता रही। 

प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि बीके बेहरा-सीजीम इंचार्ज एम एंडयू के आगमन के पश्चात फाइनल मैच बालिका वर्ग का मुकाबला प्रारम्भ हुआ। बीएसपी टीम एवं पाऊवारा टीम के बीच मैच हुआ। यह मुकाबला भी सभी मुकाबलों की तरह काफी रोमांचक रहा। किन्तु 2 मिनट पूर्व ही बीएसपी खो खो क्लब की टीम 2 अंकों से जीत कर बालिका वर्ग के चैम्पियनशिप पर कब्जा कर लिया। 

मुख्य अतिथि बीके बेहरा ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफ़ी प्रदान की। साथ ही दोनों टीमों को अपनी ओर से नगद 2500 रूपये आशीर्वाद स्वरूप प्रदान किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व सहायक महाप्रबंधक शेषनाथ सिंह ने भी आशीर्वाद स्वरूप दोनों टीमों को 1000 रुपये प्रदान किया। रात 11:00 बजे तक चले फ़ाइनल मुकाबले में पाऊवारा की टीम विजेता एवं उपविजेता रायपुर क्लब की टीम रही।  

कार्यक्रम के समापन पर बीएसपी खो खो क्लब के अध्यक्ष संजय शर्मा ने सभी सदस्यों का धन्यवाद दिया। इस कार्यक्रम के सहयोग में लगे मेडिकल स्टाफ एवं हॉर्टिकल्चर विभाग को भी धन्यवाद दिया गया। और बीएसपी खो खो क्लब के सदस्यों ने आगे इससे भी बेहतर स्टेट चैंपियनशिप या नेशनल चैंपियनशिप करने के लिए संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन सचिन डोंगरे ने किया।