कुल्टी ग्रोथ वर्क्स का स्वतंत्र अस्तित्व खत्म, SAIL ने IISCO स्टील प्लांट में किया विलय, सभी कर्मचारी ISP के रोल में
SAIL का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल। ग्रोथ डिवीजन अब IISCO स्टील प्लांट में मर्ज किया गया। कुल्टी स्थित SAIL ग्रोथ वर्क्स का अलग अस्तित्व खत्म, अब IISCO स्टील प्लांट के डिवीजन के रूप में करेगा काम।
सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। सेल कॉरपोरेट ऑफिस ने कुल्टी स्थित ग्रोथ डिवीजन (Growth Division)/SAIL Growth Works का इस्को स्टील प्लांट (IISCO Steel Plant) में विलय कर दिया गया है। इस फैसले के बाद ग्रोथ डिवीजन अब स्वतंत्र इकाई के बजाय IISCO स्टील प्लांट के एक डिवीजन/विभाग के रूप में काम करेगा। SAIL के कॉरपोरेट ऑफिस नई दिल्ली से आदेश जारी किया गया है।
अब IISCO स्टील प्लांट के अधीन काम करेगा ग्रोथ डिवीजन
ग्रोथ डिवीजन/SAIL ग्रोथ वर्क्स का IISCO स्टील प्लांट में विलय कर दिया गया है। हालांकि, ग्रोथ डिवीजन के प्रमुख पहले की तरह बर्नपुर और दुर्गापुर स्टील प्लांट के प्रभारी निदेशक (Director I/c) को रिपोर्ट करते रहेंगे।
अब ग्रोथ डिवीजन IISCO स्टील प्लांट के एक डिवीजन/डिपार्टमेंट के रूप में कार्य करेगा। इस बदलाव के साथ उसके प्रशासनिक और विभागीय कामकाज को भी IISCO स्टील प्लांट की मौजूदा व्यवस्था से जोड़ा गया है।
प्रोजेक्ट, फाइनेंस, HR से लेकर टाउनशिप तक की जिम्मेदारी बदली
SAIL के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ग्रोथ डिवीजन/SAIL ग्रोथ वर्क्स से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जिम्मेदारी अब IISCO स्टील प्लांट के संबंधित विभाग संभालेंगे।
प्रोजेक्ट (Projects)
फाइनेंस (Finance)
मानव संसाधन (HR)
मैटेरियल्स मैनेजमेंट (Materials Management)
मेडिकल (Medical)
टाउनशिप (Township)
प्रशासन (Administration)
ग्रोथ डिवीजन के सभी कर्मचारी IISCO के रोल में शामिल
इस आदेश का कर्मचारियों पर भी सीधा असर पड़ेगा। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि ग्रोथ डिवीजन/SAIL ग्रोथ वर्क्स के सभी कर्मचारी अब IISCO स्टील प्लांट के रोल में होंगे। इसके लिए अलग से कोई आदेश जारी नहीं किया जाएगा। इस प्रावधान के साथ ग्रोथ डिवीजन के कर्मचारियों का प्रशासनिक जुड़ाव अब IISCO स्टील प्लांट से हो जाएगा।
अधिकारियों के अधिकार भी IISCO के समान होंगे
कार्यालय आदेश में ग्रोथ डिवीजन के अधिकारियों के अधिकारों (Delegation of Powers) को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब ग्रोथ डिवीजन/SAIL ग्रोथ वर्क्स के अधिकारियों को उनके समकक्ष स्तर के IISCO स्टील प्लांट के अधिकारियों के समान अधिकार प्राप्त होंगे। इस संबंध में पहले जारी किए गए सभी पुराने आदेशों का स्थान नया आदेश लेगा। अर्थात अधिकारियों के अधिकार और प्रशासनिक शक्तियां अब IISCO स्टील प्लांट में समान स्तर के अधिकारियों के अनुरूप निर्धारित होंगी।
कामकाज और जिम्मेदारियां फिलहाल पहले जैसी रहेंगी
हालांकि, संगठनात्मक विलय के बावजूद ग्रोथ डिवीजन/SAIL ग्रोथ वर्क्स की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। आदेश में स्पष्ट है कि वर्तमान कार्य और जिम्मेदारियां पहले की तरह जारी रहेंगी। भविष्य में यदि ग्रोथ डिवीजन की भूमिका या जिम्मेदारियों में कोई बदलाव करना होगा तो इसके लिए बर्नपुर और दुर्गापुर स्टील प्लांट के प्रभारी निदेशक की मंजूरी आवश्यक होगी।
SAIL कॉरपोरेट ऑफिस के इस आदेश से कुल्टी स्थित ग्रोथ डिवीजन का संगठनात्मक और प्रशासनिक ढांचा अब IISCO स्टील प्लांट से जुड़ गया है। कर्मचारियों, अधिकारियों के अधिकारों और विभिन्न विभागीय गतिविधियों को लेकर नई व्यवस्था लागू।