लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारियों ने बीएसपी नगर सेवाएं विभाग में किया हंगामा, 15 दिनों का अल्टीमेटम

भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ उबला जन आक्रोश। भिलाई विकास मंच ने घेरा बीएसपी नगर सेवा विभाग कार्यालय। मांग पत्र सौंपा।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ स्थानीय लोगों और भिलाई विकास मंच का गुस्सा फूट पड़ा है। टाउनशिप में निवासरत लीजधारियों, रिटेंशनधारियों और लाइसेंसधारियों पर बेतरतीब आर्थिक बोझ डालने और आवास खाली कराने विरोध में शुक्रवार को नगर सेवा विभाग कार्यालय का जोरदार घेराव किया गया। भिलाई विकास मंच के संयोजक नितेश मिश्रा के नेतृत्व में लोगों ने हुंकार भरी और प्रबंधन के इस कदम को "श्रमवीरों का अपमान" करार दिया।

किराया बढ़ाने और आवास खाली कराने का विरोध

आंदोलनकारियों का आरोप है कि बीएसपी प्रबंधन द्वारा टाउनशिप का किराया ₹24 प्रति वर्ग फीट तक बढ़ाने का अनुचित फैसला लिया गया है। इसके साथ ही लंबे समय से रह रहे लाइसेंस और लीज धारियों को अचानक आवास खाली करने का नोटिस देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। भिलाई विकास मंच ने इसे प्रबंधन का कुकृत्य बताते हुए तत्काल प्रभाव से नोटिस रोकने की मांग की है।

प्रभारी महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन, 15 दिनों का अल्टीमेटम

घेराव के दौरान भिलाई विकास मंच के कार्यकर्ताओं और प्रभावित आवासियों ने नगर सेवा विभाग के प्रभारी महाप्रबंधक के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। मंच ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर इन न्यायसंगत मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी चरणों में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संयंत्र प्रबंधन की होगी।

प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं

• लीज धारियों को उनकी मांग और पात्रता के अनुरूप ही आवास आवंटित किए जाएं।

• रिटेंशन धारियों से तृतीय पक्ष (Third Party) के अनुरूप मासिक किराए के आधार पर ही उचित दर से किराया वसूला जाए।

• लाइसेंस धारियों को बेदखली के नोटिस जारी करना तुरंत बंद किया जाए।

"बाहरी अधिकारियों को घर, भिलाई के श्रमवीरों को बेघर कर रहा प्रबंधन"

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संयोजक नितेश मिश्रा ने बीएसपी प्रबंधन पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "एक तरफ भिलाई इस्पात संयंत्र दूसरे जिलों और बाहरी क्षेत्रों में कार्य करने वाले अधिकारियों को धड़ल्ले से आवास आवंटित कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिन श्रमवीरों के खून-पसीने के दम पर आज भिलाई स्टील प्लांट ने इतनी बड़ी वैश्विक उपलब्धियां हासिल की हैं, उन्हें ही बेघर करने की साजिश रची जा रही है। भिलाई विकास मंच इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगा।"

विदित हो कि इससे पूर्व भी 19 सितंबर को भिलाई विकास मंच ने नगर सेवा विभाग को ज्ञापन सौंपकर प्रबंधन के इस अड़ियल व्यवहार का कड़ा विरोध दर्ज कराया था, लेकिन प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने के कारण दोबारा जन आक्रोश सड़कों पर उतरा।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल

घेराव और प्रदर्शन में मुख्य रूप से भिलाई विकास मंच के संयोजक नितेश मिश्रा के साथ विजय शुक्ला, अशोक जैन, राजदीप नामदेव, राकेश सिंह, राकेश कुमार, हिमांशु सिंह, कार्तिक, आर्यन उपाधियां, जनार्दन साहू, अश्विनी पाठक, विशाल शुक्ला, आशुतोष, आदित्य भगत, मोहित, अरुण नैयर सहित भारी संख्या में प्रभावित आवासी और मंच के कार्यकर्ता उपस्थित थे।