भिलाई टाउनशिप में बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, मोबाइल न देने पर गले पर वार, खून से लथपथ
Bhilai Crime News: सेक्टर 2 में मोबाइल लूटने की कोशिश, बुजुर्ग के गले पर नुकीली चीज से हमला। भिलाई टाउनशिप में सनसनी। बेखौफ बदमाश। टहलने निकले बुजुर्ग को जान से मारने की धमकी।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई टाउनशिप में अपराध की घटनाएं चिंता बढ़ाने लगी हैं। अब मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सेक्टर-2 में सड़क पर टहल रहे बुजुर्ग से एक अज्ञात युवक ने मोबाइल फोन मांगा। इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और किसी ठोस एवं नुकीली वस्तु से उनके गले पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। गले से खून बहता देख परिवार में हड़कंप मच गया।
घटना शाम करीब 7:15 बजे की बताई गई है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, विनायक फडनीस सेक्टर-2 सड़क एवेन्यू बी स्थित क्वार्टर नंबर 12/बी के पास सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके पास पहुंचा और मोबाइल फोन मांगने लगा।
बुजुर्ग ने अनजान व्यक्ति को मोबाइल देने से इनकार कर दिया। इस पर युवक आक्रामक हो गया। उसने अश्लील गालियां देते हुए धमकी दी कि मोबाइल नहीं दोगे तो आज तुम्हें जान से मार दूंगा। इसके बाद अपने पास रखी किसी ठोस और नुकीली वस्तु से बुजुर्ग के गले पर वार कर दिया।
खून से लथपथ हालत में घर पहुंचे बुजुर्ग
हमले के बाद विनायक फडनीस किसी तरह अपने घर पहुंचे। उनके गले से खून बह रहा था। उन्होंने परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद उनके बेटे शरद सोनी और पत्नी मीरा फडनीस उन्हें तत्काल कार से बीएम शाह अस्पताल, सुपेला लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग को सेक्टर-9 स्थित बीएसपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पोते ने भिलाई भट्टी थाने में दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित के पोते ने पुलिस को बताया कि वह रूंगटा कॉलेज, कोहका में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। घटना के वक्त वह घर पर ही था। दादा के खून से लथपथ हालत में घर पहुंचने और पूरी घटना बताने के बाद परिवार ने अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद वह भिलाई भट्टी थाना पहुंचा और अज्ञात हमलावर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस में दी गई शिकायत में मोबाइल फोन छीनने की कोशिश, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और गले पर नुकीली वस्तु से हमला किए जाने का पूरा घटनाक्रम दर्ज कराया गया है।
टाउनशिप की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
शाम के समय जब लोग अपने घरों के आसपास टहलने निकलते हैं, उस वक्त इस तरह की वारदात ने टाउनशिप की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोबाइल के लिए बुजुर्ग पर इस तरह का हमला होना बेहद गंभीर मामला है। अब पुलिस के सामने अज्ञात हमलावर की पहचान कर उसे पकड़ने की चुनौती है।