BSP सेक्टर 9 अस्पताल में डॉक्टर से मिलने गया एमआर, बाहर बाइक चोरी
भिलाई के सेक्टर-9 बीएसपी अस्पताल में धनवंतरी मेडिकल के सामने खड़ी एमआर की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी। भिलाईनगर थाने में दर्ज कराई एफआइआर।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के सेक्टर-9 अस्पताल परिसर में वाहन चोरी का मामला सामने आया है। डॉक्टर से मिलने अस्पताल पहुंचे एक एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) की बाइक धनवंतरी मेडिकल के सामने से चोरी हो गई। पीड़ित ने अज्ञात चोर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। एमआर ने पार्किंग में बाइक खड़ी करने के बजाय मेडिकल स्टोर के सामने खड़ी की, जिसकी वजह से चोरों को पूरा मौका मिला। पार्किंग में गाड़ी होती तो वहां सीसी टीवी कैमरे की जद में पूरा घटनाक्रम होता।
आकाश महंत एमआर का काम करते हैं। 13 नवंबर 2026 को वह अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 ME 5588) से सेक्टर-9 बीएसपी अस्पताल पहुंचे थे। दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अपनी बाइक अस्पताल के धनवंतरी मेडिकल के सामने खड़ी की और डॉक्टर विजिट के लिए अस्पताल के अंदर चले गए।
करीब आधे घंटे बाद, दोपहर 12:30 बजे जब वह वापस लौटे तो बाइक निर्धारित स्थान से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। शिकायतकर्ता को आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बाइक चोरी कर ले गया।
पीड़ित ने भिलाईनगर थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। अब पुलिस के सामने अस्पताल परिसर से गायब हुई बाइक का पता लगाने की चुनौती है।