बोकारो स्टील प्लांट में नहीं होने देना है हादसा, बचानी है सबकी जान, पढ़ें डीआइसी क्या बोले…

बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन के साथ ‘सुरक्षा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित। सेल बीएसएल में सुरक्षित कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सुरक्षा वार्ता’ के अंतर्गत विशेष लार्ज ग्रुप इंटरैक्शन (एलजीआई) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल बोकारो इस्पात संयंत्र में कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सुरक्षित कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सुरक्षा वार्ता’ के अंतर्गत विशेष लार्ज ग्रुप इंटरैक्शन (एलजीआई) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभागीय सुरक्षा अधिकारियों (डीएसओ), क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारियों (एएसओ), सुरक्षा साथियों एवं सेफ्टी वॉरियर्स को बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन के साथ सीधे संवाद एवं विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करना तथा कार्यस्थल पर सामूहिक उत्तरदायित्व और सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत बनाना था। कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों एवं शॉप्स से लगभग 350 प्रतिभागियों ने भाग लिया। डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन, ईडी एचआर राजश्री बनर्जी, ईडी वर्क्स अनूप दत्त समेत अन्य ईडी व विभाग प्रमुख मौजूद रहे। 

कार्यक्रम में बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी सहित अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन), अधिशासी निदेशक (माइंस), अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन), अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं), अधिशासी निदेशक (संकार्य) एवं अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) की उपस्थिति रही। इसके अलावा विभिन्न विभागों एवं शॉप्स के मुख्य महाप्रबंधक तथा विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक प्रभारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाने के साथ हुआ।

कार्यक्रम के दौरान एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सुरक्षा जागरूकता के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं, संयंत्र में संचालित प्रमुख सुरक्षा अभियानों तथा डीएसओ, एएसओ, सुरक्षा साथियों एवं सेफ्टी वॉरियर्स की भूमिका एवं उत्तरदायित्वों पर प्रकाश डाला गया। प्रस्तुतीकरण में व्यक्तिगत सुरक्षा से आगे बढ़कर परस्पर उत्तरदायी सुरक्षा संस्कृति (Interdependent Safety Culture) विकसित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया, ताकि प्रत्येक कर्मचारी अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने सहकर्मियों की सुरक्षा के प्रति भी सजग रहे। इसके साथ ही संभावित खतरों की समय रहते पहचान, जोखिमों की रोकथाम, सक्रिय सहभागिता तथा सामूहिक सतर्कता के महत्व को भी रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर बीएसएल के शीर्ष प्रबंधन ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, व्यक्तिगत जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा सामूहिक प्रयासों से सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने सुरक्षित कार्यप्रणालियों के अनुपालन, संभावित जोखिमों के प्रति सतर्कता और प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा के प्रति सक्रिय भागीदारी को सुरक्षित संयंत्र संचालन का अनिवार्य आधार बताया।

संवाद सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने शीर्ष प्रबंधन के समक्ष कार्यस्थल से जुड़े विभिन्न सुरक्षा विषयों, चुनौतियों एवं सुझावों को साझा किया तथा अधिकारियों से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया। शॉप-फ्लोर के सुरक्षा प्रहरियों को शीर्ष प्रबंधन के साथ सीधे जोड़कर सुरक्षा के प्रति साझा उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करने की यह पहल बोकारो इस्पात संयंत्र में सुरक्षित कार्य वातावरण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।