New Labour Code: दुर्गापुर स्टील प्लांट के मजदूरों की मज़दूरी बढ़ी, अब सैलरी 15971 से 23324 रुपए तक, जश्न

क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (आरएलसी), आसनसोल शितांशु ताये ने नए श्रम संहिता (New Labour Code) तथा संविदा श्रमिकों के नए वेतन समझौते का पत्र इंटक नेताओं को सौंपा।

सूचनाजी न्यूज, दुर्गापुर। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल इस्को स्टील प्लांट के बाद अब दुर्गापुर स्टील प्लांट में भी केंद्रीय न्यूनतम वेतन को लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। अब मजदूरों को बढ़ी हुई दर से मजदूरी का भुगतान होगा। 704 रुपए से लेकर 1024 रुपए तक की मजदूरी होगी। 

इंटक ठेका यूनियन ने इसे की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। इंटक डीएसपी यूनिट के लिए अत्यंत गर्व और ऐतिहासिक महत्व का दिन बताया। वर्षों के अथक संघर्ष, निरंतर प्रयास और संविदा (ठेका) श्रमिकों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कराने की प्रतिबद्धता का आज महत्वपूर्ण परिणाम सामने आया है।

क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (आरएलसी), आसनसोल शितांशु ताये ने नए श्रम संहिता (New Labour Code) तथा संविदा श्रमिकों के नए वेतन समझौते (New Contractual Wage Agreement) के क्रियान्वयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। यह ऐतिहासिक निर्णय हजारों संविदा श्रमिकों की एक बड़ी जीत है।

इस संबंध में जारी कार्यान्वयन आदेश की प्रति आरएलसी, आसनसोल शितांशु ताये द्वारा इंटक के संयुक्त सचिव रजत दीक्षित, मिलन कुमार सिंह-वरिष्ठ उपाध्यक्ष को औपचारिक रूप से सौंपी गई।

आरएलसी ने यह भी आश्वासन दिया कि दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) में कार्यरत संविदा श्रमिकों के लिए संशोधित वेतन दरों को बिना किसी विलंब के लागू किया जाएगा। साथ ही, इस आदेश की आधिकारिक प्रति तत्काल आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र क्रियान्वयन के लिए डीएसपी प्रबंधन को भी भेज दी गई है। यह उपलब्धि एचएसडब्ल्यूयू/इंटक की अटूट प्रतिबद्धता, संगठन की एकता और संविदा श्रमिकों के अधिकारों एवं कल्याण की रक्षा के लिए किए गए निरंतर संघर्ष का प्रमाण है।