भिलाई स्टील प्लांट में प्रीमियर कैंटीन, मोबाइल वैन कैंटीन होगी शुरू, पदनाम पर जल्द फैसला

बीएसपी की पूर्व मान्यता प्राप्त यूनियन सीटू नेताओं की सीजीएम एचआर संग बैठक। कर्मचारियों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार को लेकर सीजीएम (एचआर) को सौंपे मांग पत्र। प्रतिनिधिमंडल ने वेलफेयर, कैंटीन, रेस्ट रूम एवं अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रशांत ओझा के साथ सीटू प्रतिनिधिमंडल की कर्मचारियों के वेलफेयर एवं कैंटीन सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर सार्थक बैठक हुई। बैठक में प्रस्तुत मांगपत्र के सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सीजीएम (एचआर) ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। सीटू महासचिव टी. जोगा राव, अध्यक्ष विजय जांगड़े के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के मुद्दे सीजीएम के सामने उठाए।

जल्द शुरू होगी मोबाइल पर बायोमेट्रिक देखने की सुविधा 

कर्मचारियों के रजिस्टर्ड मोबाइल पर बायोमेट्रिक उपस्थिति एवं छुट्टी संबंधी जानकारी देखने की सुविधा पिछले दो माह से बंद है। सीटू ने इसे पुनः शुरू करने की मांग उठाई। सीजीएम ने बताया कि सुरक्षा संबंधी कारणों से बायोमेट्रिक आधारित उपस्थिति दर्ज कराने की मोबाइल सुविधा बंद की गई है तथा आवश्यक तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं। सुधार पूरा होते ही यह सुविधा फिर से शुरू कर दी जाएगी।

कैंटीन, टॉयलेट, यूरिनल एवं रेस्ट रूम की स्थिति में होगा सुधार 

सीटू की मांग पर सीजीएम (एचआर) ने बताया कि उन्होंने स्वयं संयंत्र के विभिन्न विभागों में टॉयलेट, यूरिनल एवं कैंटीनों का औचक निरीक्षण किया है। उन्होंने इनकी खराब स्थिति को स्वीकार करते हुए व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई। जनवरी से कैंटीन व्यवस्था में बदलाव दिखाई देने की उम्मीद है। इसके तहत प्रीमियर कैंटीन एवं मोबाइल वैन कैंटीन शुरू करने की योजना है। इंडियन कॉफी हाउस अभी तैयार नहीं है, जबकि नेस्ले की एंट्री की तैयारी चल रही है। कैंटीन संचालन में नई एजेंसियों को अवसर देने तथा कॉफी डे के अनुभव से सबक लेते हुए चयन में सावधानी बरतने की बात भी कही गई।

साफ-सफाई का मुद्दा भी उठा

टॉयलेट एवं यूरिनल की नियमित साफ-सफाई के लिए नए तरीके अपनाने पर चर्चा हुई। सीटू ने बिल्डिंग नंबर-3 के बड़े टॉयलेट पर कुछ अधिकारियों द्वारा ताला लगाए जाने का मुद्दा भी उठाया। वहीं, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) द्वारा रेस्ट रूमों के कायाकल्प अभियान के दूसरे चरण में शेष रेस्ट रूम एवं अनऑफिशियल रेस्ट रूम की जल्द गद्दा लगाने को उठाया गया। सीजीएम ने सभी रेस्ट रूम की समीक्षा कर लंबित कार्य जल्द पूरा कराने की पहल करने की बात कही। कैंटीनों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं हाइजीन सुनिश्चित करने तथा नियमित निगरानी और संचालन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव पर भी जोर दिया गया।

फायर ब्रिगेड कर्मियों की वर्दी का उठा मुद्दा 

सीटू ने बताया कि संयंत्र में बड़ी दुर्घटनाओं एवं मृत्यु की घटनाओं के दौरान फायर ब्रिगेड कर्मियों को मृत शरीर उठाकर लाने जैसे कार्य करने पड़ते हैं, जिससे उनकी वर्दी दूषित हो जाती है और उसे नष्ट करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में उन्हें नई वर्दी उपलब्ध कराने की मांग की गई, जिस पर उचित कदम उठाने का आश्वासन मिला।

मेडिकल कर्मियों के पदनाम के मुद्दे पर जल्द निर्णय की उम्मीद 

मेडिकल कर्मचारियों के पदनाम परिवर्तन का मामला लंबे समय से अस्पताल प्रबंधन एवं कार्मिक विभाग के बीच लंबित है। सीटू ने इसका शीघ्र समाधान करने की मांग की। सीजीएम ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही अस्पताल से जुड़े कार्मिक अधिकारियों को बुलाकर इस विषय पर चर्चा करेंगे तथा उचित पहल करेंगे।

कर्मयोगी कोर्स ऑफलाइन कराने की मांग 

सीटू ने कर्मयोगी कोर्स के संचालन में हो रही खानापूर्ति पर सवाल उठाया। बताया गया कि अनेक कर्मचारी कोर्स को खोलकर भी नहीं देख पा रहे हैं, जबकि प्रबंधन के द्वारा निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के लिए कंप्यूटर एवं मोबाइल में दक्ष कुछ लोगों से दूसरों के नाम पर कोर्स पूरा करवाकर सबमिट कराया जा रहा है। संयंत्र के बाहर कुछ सेंटरों द्वारा ₹100 या उससे अधिक शुल्क लेकर कोर्स पूरा कराने की बात भी सामने आई। सीटू ने कहा कि यदि इस कोर्स का वास्तविक महत्व है तो इसे केवल ऑनलाइन औपचारिकता बनाने के बजाय ऑफलाइन कक्षाओं के माध्यम से कराया जाना चाहिए।

समस्याओं के समाधान के लिए होती रहेंगी फॉलोअप बैठकें 

बैठक में सीटू ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की बुनियादी सुविधाएं कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि उनके सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्यजीवन का अनिवार्य हिस्सा हैं। प्रबंधन द्वारा दिए गए आश्वासनों को समयबद्ध तरीके से लागू करना आवश्यक है। सीटू इन सभी मुद्दों पर लगातार निगरानी रखेगा और कर्मचारियों के हित में अपनी पहल जारी रखेगा। इसके लिए प्रबंधन के साथ समय-समय पर फॉलोअप बैठकें आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सीजीएम (एचआर) ने सहर्ष स्वीकार किया।