पेंशन अपग्रेडेशन, शत-प्रतिशत महंगाई भत्ते की छूट, घरेलू इलाज के लिए नकद चिकित्सा भत्ता दें, बीमा पेंशनरों का प्रोटेस्ट
80 वर्ष की आयु के बाद पेंशनर्स की मूल पेंशन में वृद्धि, मेडिक्लेम योजना में आवश्यक सुधार तथा ग्रुप मेडिक्लेम प्रीमियम पर लगाए गए जीएसटी की वापसी की मांग करते हुए कहा कि ये सारी मांगे अनेक वर्षों से लंबित है।
सूचनाजी न्यूज, रायपुर। राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग में जारी पेंशन योजना में सुधारों की माँग पर ऑल इंडिया इंश्योरेंस पेंशनर्स एसोसिएशन तथा ऑल इंडिया रिटायर्ड इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ फेडरेशन द्वारा देश भर के बीमा कार्यालयों के समक्ष संयुक्त प्रदर्शन कर सभाएं ली गई तथा प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया।
बीमा पेंशनर्स के इस आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए आल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन के सदस्यों ने भी देश भर में इन प्रदर्शनों में शिरकत की। रायपुर मंडल में उक्त दोनों संगठनों के आव्हान पर आज भोजनावकाश के दौरान सैकड़ों पेंशनर्स एवं सेवारत कर्मचारियों व अधिकारियों ने एल आई सी के पंडरी स्थित मंडल कार्यालय के समक्ष भोजनावकाश के दौरान प्रदर्शन कर सभा ली तथा वरिष्ठ मंडल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता ए आई आई पी ए के रायपुर मंडल के अध्यक्ष का .श्रीकांत पेंढारकर ने की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए एआईआईपीए के राष्ट्रीय सहसचिव अतुल देशमुख ने सार्वजनिक क्षेत्र की एलआईसी एवं जीआईसी के पेंशनर्स हेतु निश्चित समयावधि पर पेंशन का अपग्रेडेशन करने,1987 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स को दी जा रही अनुग्रह राशि में पर्याप्त वृद्धि किए जाने, अगस्त 1997 से पहले के पेंशनभोगियों के लिए शत प्रतिशत महंगाई भत्ते की छूट, घरेलू इलाज हेतु नकद चिकित्सा भत्ता और निवारक स्वास्थ्य जांच, 80 वर्ष की आयु के बाद पेंशनर्स की मूल पेंशन में वृद्धि, मेडिक्लेम योजना में आवश्यक सुधार तथा ग्रुप मेडिक्लेम प्रीमियम पर लगाए गए जीएसटी की वापसी की मांग करते हुए कहा कि ये सारी मांगे अनेक वर्षों से लंबित है।
लेकिन एल आई सी प्रबंधन, जिप्सा एवं केंद्र सरकार के अड़ियल रवैए के चलते देश भर में पेंशनर्स को आंदोलन हेतु मजबूर होना पड़ रहा है। ऑल इंडिया रिटायर्ड पेंशनर्स एम्पलाइज फेडरेशन के मंडल महासचिव पी . के.पांडे ने कहा कि पेंशन के समयावधिक अपडेशन की मांग हमारे सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद सर्वोच्च न्यायालय में गतिरोध और अनिश्चितता का सामना कर रही है। अत: इस मांग को पूरा करने के लिए कानूनी लड़ाई के साथ साथ संगठनात्मक संघर्ष और लामबंदी किए जाने की आवश्यकता को महसूस करते हुए बीमा उद्योग के सारे पेंशनर्स संगठनों को एकजुट करने की पहल जारी है।
इसी क्रम में आज दो संगठन संयुक्त आंदोलन कर रहे है। उन्होंने चेतावनी दी कि पेंशन व मेडिक्लेम योजना में सुधारों संबंधी हमारी मांग पूरी न होने की स्थिति में आंदोलन और तीव्र किया जायेगा। सभा को सम्बोधित करते हुए आल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष का. धर्मराज महापात्र ने कहा कि अंधाधुंध उदारीकरण के रास्ते पर चल रही केंद्र सरकार मजदूरो, कर्मचारियों व पेंशनभोगियों के अधिकारों पर हमले तेज कर रही है।
राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग को निजीकरण की ओर धकेला जा रहा है। इन हालातों में आज हमारा संगठन पेंशन भोगियों के आंदोलन का समर्थन करता है। हम देश भर में सार्वभौमिक पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग करते हुए बीमा उद्योग में पेंशन व मेडिक्लेम योजना में बेहतरी की आपकी मांग का समर्थन करते है। ए आई आई ई ए द्वारा आगामी मांग पत्र में पेंशन अपडेशन की मांग को भी जोड़ा जायेगा। आगामी दिनों में पेंशनर्स द्वारा होनेवाले सारे आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को भी सेवारत कर्मचारी अपना समर्थन जारी रखेंगे। यह लड़ाई कठिन जरूर है लेकिन संघर्ष, एकता और संगठन की सही रणनीति अपनाकर हम पेंशन अपडेशन की इस लड़ाई में विजय हासिल कर सकते है लजोरदार नारेबाजी के साथ सभा की कार्यवाही समाप्त हुई। इस प्रदर्शन में रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्प्लॉइज़ यूनियन द्वारा भी प्रभावी उपस्थिति के साथ एकजुटता प्रदर्शित की गई।