क्वालिटी सर्कल के चैप्टर कन्वेंशन: BSP की ‘सक्षम’ टीम को मिला ‘बेस्ट टीम’ अवॉर्ड, भिलाई की तीनों टीमों ने जीता गोल्ड
सेल भिलाई स्टील प्लांट के सिंटर प्लांट 3 की सक्षम टीम को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट टीम’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। कोयंबटूर स्थित जेन्सन्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित सीक्यूसी (चैप्टर कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में विभिन्न उद्योगों एवं देश की प्रमुख कंपनियों की कुल 115 टीमों ने भाग लिया। इनमें सेल, जेएसडब्ल्यू, एनटीपीसी, टीवीएस सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों की टीमें शामिल थीं।
इस राष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धात्मक आयोजन में भिलाई इस्पात संयंत्र की तीन टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा, गुणवत्ता सुधार के प्रति प्रतिबद्धता और टीमवर्क का शानदार परिचय दिया। संयंत्र की तीनों टीमों ने गोल्ड अवॉर्ड हासिल कर भिलाई इस्पात संयंत्र का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमें थीं।
1. राफ्ट (RAFT) टीम-ब्लास्ट फर्नेस
2. ध्यानी (DHYANI) टीम-एसएमएस-2
3. सक्षम (SAKSHAM) टीम-सिंटर प्लांट-3 (एसपी-3)
इस उपलब्धि में विशेष आकर्षण का केंद्र रही सिंटर प्लांट-3 की सक्षम टीम, जिसे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट टीम’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान टीम की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, गुणवत्ता के प्रति समर्पण और निरंतर सुधार की भावना को रेखांकित करता है।
115 टीमों की भागीदारी वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में भिलाई इस्पात संयंत्र की तीनों टीमों द्वारा गोल्ड अवॉर्ड प्राप्त करना तथा सक्षम टीम का ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट टीम’ का गौरव हासिल करना संयंत्र में गुणवत्ता संवर्धन, नवाचार, सामूहिक प्रयास और उत्कृष्टता की संस्कृति का प्रमाण है।
यह शानदार सफलता भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों की कार्यकुशलता, समर्पण और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस उपलब्धि से संयंत्र का गौरव बढ़ा है और गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिली है।