DPS भिलाई में नए प्रिंसिपल की एंट्री, रंजीत कुमार ने संभाला पदभार, बोकारो से नाता
DPS भिलाई को मिला नया प्रिंसिपल। 21 साल का शैक्षणिक अनुभव रखने वाले रंजीत कुमार ने संभाली कमान। प्रशांत वशिष्ठ के बाद नई जिम्मेदारी रंजीत कुमार को मिली।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) भिलाई को नया प्राचार्य मिल गया है। आदर्श विद्या मंदिर, चास (बोकारो) के पूर्व प्रिंसिपल रंजीत कुमार ने डीपीएस भिलाई के नए प्राचार्य के रूप में कार्यभार संभाल लिया।
शिक्षा के क्षेत्र में 21 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले रंजीत कुमार ने अपने शैक्षणिक और प्रशासनिक सफर में कई संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। डीपीएस भिलाई में पदभार ग्रहण करने से पहले वे आदर्श विद्या मंदिर, चास (बोकारो) के प्राचार्य रहे। इसके अलावा उन्होंने सेंट माइकल्स स्कूल, रांची और जेपी ग्रुप स्कूल, दनकौर (ग्रेटर नोएडा) में भी प्राचार्य के रूप में सेवाएं दी हैं।
अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक उत्कृष्टता और संस्थागत विकास के लिए योगदान दिया है। गौरतलब है कि डीपीएस भिलाई, दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी का पहला और सबसे बड़े प्रमुख संस्थानों में से एक है। इसकी स्थापना सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के सहयोग से की गई थी। भिलाई में यह स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है।
रंजीत कुमार के अनुभव और मार्गदर्शन में स्कूल के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने तथा संस्थागत विकास की नई ऊंचाइयां हासिल करने की उम्मीद जताई जा रही है। नए प्राचार्य के नेतृत्व में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान रहने की संभावना है।