आयुष्मान योजना से 112 बीमारी का इलाज निजी अस्पतालों से हटाना गरीब मरीजों पर अन्याय, कांग्रेस बोली-सरकार बदले फैसला

कांग्रेस ने कहा-भाजपा सरकार एक तरफ गरीबों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की गारंटी देती है और दूसरी तरफ उनके इलाज के विकल्प सीमित करने की तैयारी कर रही है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के प्रवक्ता जावेद खान ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत 112 इलाज पैकेज को 1 दिसम्बर से निजी अस्पतालों से हटाकर सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित कर गरीब मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया है। ये फैसला बीमारी से लड़ रहे गरीब मरीजों एवं उनके परिजनों पर वज्रपात साबित होगा। इस गरीब विरोधी फैसले पर सरकार को तत्काल रोक लगानी चाहिए।

जावेद खान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहद खराब है। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों के सैकड़ों पद रिक्त हैं, नर्सिंग स्टॉफ, सुविधाओं की कमी है। ऐसे में निजी अस्पतालों से 112 बीमारी का इलाज हटाकर सरकारी अस्पताल में इलाज आरक्षित करना दुर्भाग्यजनक है।

उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से अब इन बीमारियों का इलाज निजी अस्पतालों में नहीं होगा -आंखों की बीमारी: मोतियाबिंद, ग्लूकोमा (काला मोतिया) की जांच, महिलाओं का स्वास्थ्य: हाई रिस्क डिलीवरी, बच्चेदानी निकालने का ऑपरेशन (हिस्टेरेक्टॉमी), मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एम टी पी), लिवर एवं पेट की बीमारी: अल्कोहलिक लीवर डिजीज, हेपेटाइटिस, पैंक्रियाटाइटिस, गंभीर डायरिया, खून एवं सामान्य बीमारियां: गंभीर एनीमिया, मलेरिया, चिकनगुनिया, एक्यूट ब्रोंकाइटिस, सर्जरी: भगंदर (फिस्टुला), सिस्ट (गांठ), बायोप्सी, हड्डियों का इलाज: फ्रैक्चर से संबंधित उपचार एवं ऑपरेशन, मानसिक स्वास्थ्य: एंग्जायटी, मूड डिसऑर्डर, तनाव संबंधी उपचार, ADHD एवं अन्य विकार, कान, नाक एवं गला: ईएनटी से संबंधित उपचार प्रक्रियाएं।

सरकारी अस्पतालों में इन बीमारी का इलाज करने वाले डॉक्टरों की भारी कमी है। ऐसे में गरीब मरीज का इलाज कैसे होगा? जनता जानना चाहती है। जावेद खान ने कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ गरीबों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की गारंटी देती है और दूसरी तरफ उनके इलाज के विकल्प सीमित करने की तैयारी कर रही है।

भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि क्या सरकारी अस्पतालों में इतने डॉक्टर, विशेषज्ञ, बेड, ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं कि लाखों अतिरिक्त मरीजों का बोझ उठाया जा सके? सरकार पहले सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारे, डॉक्टरों की भर्ती करे, दवाइयों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराए। उसके बाद गरीबों के इलाज के विकल्प सीमित करे।

आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों में मिलने वाले 112 इलाज पैकेज को सीमित करने का प्रस्ताव तत्काल वापस लिया जाए। गरीबों को सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में इलाज कराने की सुविधा मिलनी चाहिए। गरीब की बीमारी का इलाज सरकारी अस्पतालों की बदहाली से कैसे होगी?