SAIL BSL: ब्लास्ट फर्नेस 2 के नवीनीकृत स्टोव 3 का उद्घाटन, अब बढ़ेगा प्रोडक्शन

अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप दत्ता ने स्टोव के नवीनीकरण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने में योगदान देने वाले सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के ब्लास्ट फर्नेस-2 की परिचालन विश्वसनीयता, कार्यक्षमता एवं उत्पादन क्षमता को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नवीनीकृत स्टोव संख्या-3 का उद्घाटन बीएसएल के अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप दत्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (आरईडी), मुख्य महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस), मुख्य महाप्रबंधक (ईएमडी) सहित गैस एवं कूलिंग विभाग के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

ब्लास्ट फर्नेस के सुचारू एवं प्रभावी संचालन में हॉट ब्लास्ट प्रणाली की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। स्टोव संख्या-3 के नवीनीकरण से इस प्रणाली की परिचालन विश्वसनीयता एवं कार्यक्षमता में और सुधार होगा। इससे हॉट ब्लास्ट की स्थिर एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी, जो ब्लास्ट फर्नेस-2 के बेहतर प्रदर्शन, परिचालन स्थिरता एवं उत्पादन क्षमता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने स्टोव के नवीनीकरण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने में योगदान देने वाले सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता, समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

ब्लास्ट फर्नेस-2 के स्टोव संख्या-3 का सफल नवीनीकरण बीएसएल द्वारा संयंत्र की महत्वपूर्ण परिचालन सुविधाओं को सुदृढ़ करने, उपकरणों की विश्वसनीयता बढ़ाने तथा सुरक्षित, निर्बाध एवं उत्कृष्ट उत्पादन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।