सालों से STP की समस्या से जूझ रहे तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनीवासी, समाधान नहीं, नगर निगम चुनाव बहिष्कार का ऐलान

राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस की सरकारों के कार्यकाल में इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया। रहवासी बोले-अब केवल आश्वासन देकर जनता की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। इंटरनेशनल कॉलोनी तालपुरी A एवं B ब्लॉक में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) को लेकर स्थानीय निवासियों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है। बिल्डिंग नंबर 8 से महज 8–10 मीटर की दूरी पर स्थित STP से निकलने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के निवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग पिछले 8-10 वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस दौरान भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों की सरकारें सत्ता में रहीं, लेकिन किसी भी सरकार और संबंधित जनप्रतिनिधियों ने STP हटाने की मांग को अंजाम तक नहीं पहुँचाया। हर बार नगर निगम के अधिकारियों, पार्षदों एवं मंत्रियों की ओर से आश्वासन दिए गए। समय-समय पर निरीक्षण भी हुए, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।

निवासियों के अनुसार, इस गंभीर समस्या को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) एवं CPGRAMS पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद नगर निगम की ओर से जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि लगभग चार वर्ष पहले नगर निगम द्वारा तालपुरी A एवं B ब्लॉक के STP को हटाकर पाइपलाइन के माध्यम से BSP के सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने की व्यवहार्यता जांच (Feasibility Study) की गई थी। इस परियोजना का लागत अनुमान भी तैयार किया गया था, जिसकी अनुमानित लागत लगभग ₹2 करोड़ बताई गई थी। इसके बावजूद कभी स्वीकृति, कभी रायपुर से अनुमति, कभी बजट की कमी तो कभी अन्य कारणों का हवाला देकर परियोजना को लगातार टाला जाता रहा।

अब आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए

वर्षों से समस्या का सामना कर रहे तालपुरीवासियों में अब गहरा असंतोष है। निवासियों का कहना है कि जब दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की सरकारों के कार्यकाल में इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया, तो अब केवल आश्वासन देकर जनता की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इसी के चलते तालपुरी के निवासियों ने आगामी नगर निगम चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लेने की घोषणा की है। निवासियों की स्पष्ट मांग है कि STP को हटाकर क्षेत्र को BSP के सीवरेज नेटवर्क से जोड़ने की परियोजना पर ठोस निर्णय लिया जाए और कार्य शुरू करने की निश्चित समय-सीमा सार्वजनिक की जाए।

निवासियों ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस लंबित परियोजना की वर्तमान स्थिति स्पष्ट की जाए तथा स्वीकृति, बजट और कार्ययोजना के संबंध में लिखित जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

तालपुरीवासियों का कहना है कि यह किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष का मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र के निवासियों के स्वास्थ्य, स्वच्छ वातावरण और सम्मानजनक जीवन से जुड़ा जनहित का विषय है। यदि वर्षों पुरानी इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो चुनाव बहिष्कार के माध्यम से लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा। तालपुरीवासियों का संदेश स्पष्ट है। वर्षों से केवल आश्वासन मिले हैं, अब स्थायी समाधान चाहिए। इसके लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है।