जान जोखिम में डालना बंद करें, RSP DIC आलोक वर्मा बोले-इस्पात निर्माण ‘यज्ञ’, असुरक्षित कार्य ‘विघ्न’
स्टील मेकिंग में सुरक्षा से समझौता नहीं, असुरक्षित काम बना ‘विघ्न’, जीरो हार्म प्लांट बनाने का संकल्प। RSP के DIC आलोक वर्मा की दोटूक चेतावनी- सुरक्षा नियम तोड़ने वालों की अनदेखी न करें, असुरक्षित काम दिखे तो तुरंत उठाएं आवाज। 500 कर्मचारियों के बीच संवाद।
सूचनाजी न्यूज, राउरकेला। स्टील उत्पादन किसी यज्ञ से कम नहीं है और असुरक्षित कार्यप्रणाली इस यज्ञ में ऐसा विघ्न है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। राउरकेला स्टील प्लांट (RSP) को जीरो हार्म प्लांट बनाने के लक्ष्य के साथ हर कर्मचारी को सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यह स्पष्ट संदेश राउरकेला स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी (DIC) आलोक वर्मा ने दिया।
गोपबंधु ऑडिटोरियम में आयोजित सुरक्षा पर बड़े समूह के संवाद सत्र में उन्होंने कहा कि स्टील मेकिंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उत्पादन के साथ किसी भी स्तर पर मानव जीवन को जोखिम में नहीं डाला जा सकता।
इस महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में करीब 500 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इनमें सीजीएम, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक शामिल थे। खास बात यह रही कि प्रबंधन ने कर्मचारियों और ठेका मजदूरों को सीधे शीर्ष नेतृत्व के सामने अपनी बात रखने का अवसर दिया।
परिवार घर पर कर रहा है इंतजार, सुरक्षित लौटना सबसे जरूरी
DIC आलोक वर्मा ने अपने संबोधन में कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को याद दिलाया कि कार्यस्थल से निकलने के बाद उनका परिवार सुरक्षित घर लौटने का इंतजार करता है। इसलिए हर व्यक्ति की पहली जिम्मेदारी है कि वह काम खत्म होने के बाद सुरक्षित अपने घर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कहीं भी हो, उसकी स्पष्ट और सख्ती से रिपोर्टिंग की जानी चाहिए। किसी भी असुरक्षित गतिविधि को नजरअंदाज करना दुर्घटना को न्योता देने जैसा है।
आलोक वर्मा ने प्रतिभागियों को खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भरोसा दिलाया कि इस संवाद के दौरान सामने आने वाली समस्याओं और सुझावों पर उचित ध्यान दिया जाएगा।
असुरक्षित लगे तो काम रोकें, अधिकारी को तत्काल बताएं
कार्यक्रम में ईडी वर्क्स बीआर पलई ने सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि यदि किसी काम को करते समय असुरक्षित महसूस हो तो उसे करने से बचें और तत्काल संबंधित अधिकारी के संज्ञान में मामला लाएं।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी असुरक्षित गतिविधि या परिस्थिति के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। कर्मचारियों को कार्यस्थल पर अपनी आंखें और कान खुले रखने चाहिए, ताकि संभावित खतरे को दुर्घटना में बदलने से पहले रोका जा सके।
हादसे से पहले खतरे की पहचान पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग के महाप्रबंधक ए. बेहरा की विस्तृत प्रस्तुति से हुई। इसमें सुरक्षा की बुनियादी समझ, खतरे और जोखिम की पहचान, लाइन ऑफ फायर, दुर्घटनाओं के कारण, पूर्व घटनाओं से सीख और नियर मिस (Near Miss) मामलों की रिपोर्टिंग जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। विशेष रूप से नियर मिस घटनाओं की रिपोर्टिंग को महत्वपूर्ण बताया गया, ताकि वास्तविक दुर्घटना होने से पहले ही संभावित खतरे की पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
500 कर्मचारियों ने ली सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम के समापन पर सीजीएम (फायर एंड सेफ्टी) हीरालाल महापात्र ने उपस्थित लोगों को सुरक्षा की शपथ दिलाई। RSP में पहली बार आयोजित इस बड़े समूह के संवाद सत्र को सुरक्षा संस्कृति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल सुरक्षा नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों में ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां हर व्यक्ति असुरक्षित कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज उठाए।
राउरकेला स्टील प्लांट का संदेश स्पष्ट है- उत्पादन के लक्ष्य महत्वपूर्ण हैं, लेकिन किसी भी उत्पादन लक्ष्य की कीमत मानव जीवन नहीं हो सकती। जीरो हार्म और दुर्घटनामुक्त स्टील उत्पादन ही अंतिम लक्ष्य है।