सेल एरियर विवाद: सीटू बोला-कर्मियों को उकसाता है प्रबंधन, संघर्ष होना तय, रहिए तैयार

दिल्ली में एनजेसीएस मीटिंग बेनतीजा समाप्त होने पर सीटू की आई प्रतिक्रिया। सीटू भिलाई ने कहा-एरियर्स नहीं देने का हलफनामा देकर मजदूरों के धैर्य की परीक्षा ले रहा है सेल प्रबंधन।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल कर्मचारियों के बकाया एरियर का विवाद गहराता जा रहा है। एनजेसीएस मीटिंग में भी सेल प्रबंधन ने एरियर भुगतान करने से इन्कार कर दिया है। इस पर सीटू भिलाई का कहना है कि सेल प्रबंधन को शायद 30 जून 2021 की ऐतिहासिक हड़ताल याद नहीं है, या फिर वह जानबूझकर ऐसी परिस्थितियां पैदा करना चाहता है कि मजदूर एक बार फिर सड़कों पर उतरने को मजबूर हों। 

हमें आज भी 22 से 26 जून 2021 के बीच हुई ऑनलाइन बैठकों और उसमें प्रबंधन के अड़ियल रवैये याद है, जिसके परिणामस्वरूप 30 जून को ऐतिहासिक हड़ताल हुई थी। मजदूरों के जेहन में उस हड़ताल की यादें भले ही कुछ धुंधली हुई हों, लेकिन संघर्ष का जज्बा समाप्त नहीं हुआ है। मजदूर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना भूले नहीं हैं। प्रबंधन ने यदि अपना रवैया नहीं बदला तो एक बार फिर संघर्ष की जमीन तैयार होगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

एरियर्स नहीं देंगे, यह तो बता दिया; आखिर क्यों नहीं देंगे, यह भी बताने का साहस दिखाए प्रबंधन

सीटू ने प्रबंधन के उस रवैये पर कटाक्ष किया है, जिसमें अपने आपको मालिक समझने के गुमान में प्रबंधन ने अदालत में हलफनामा देकर कह दिया कि वह कर्मचारियों को एरियर्स नहीं देगा। सीटू प्रबंधन से सीधा सवाल करती है कि आखिर किस आधार पर कर्मचारियों को उनके हक के पैसे से वंचित करना चाहता है? प्रबंधन को यह भी सार्वजनिक करना चाहिए कि वह एरियर्स क्यों नहीं देना चाहता। 

उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कर्मचारियों से दिन-रात सहयोग मांगने वाला प्रबंधन, 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक मुनाफा कमाने का लक्ष्य रखने वाला प्रबंधन आखिर कर्मचारियों के जायज आर्थिक अधिकारों के मामले में इतना कंजूस क्यों हो जाता है? हर कर्मचारी को यह जानने का अधिकार है कि उसके परिश्रम की कीमत चुकाने से प्रबंधन क्यों पीछे हट रहा है।

क्या सेल में उत्पादन मशीनें कर रही हैं और कर्मचारी केवल तमाशा देख रहे हैं

सीटू ने कहा कि प्रबंधन के रवैये से ऐसा प्रतीत होने लगा है मानो सेल के अंदर प्लानिंग से लेकर उत्पादन और मुनाफे तक सब कुछ केवल प्रबंधन की बदौलत हो रहा है। क्या कर्मचारियों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और वर्षों का अनुभव उत्पादन में कोई भूमिका नहीं निभाता? 

यदि कर्मचारी ही नहीं होंगे तो उत्पादन और मुनाफे के ऊंचे आंकड़े कहां से आएंगे? प्रबंधन को यह भ्रम निकाल देना चाहिए कि कर्मचारियों को जब चाहे, जो चाहे जवाब दे सकता है। कर्मचारियों को सम्मान देने के समय प्रबंधन की जेब खाली हो जाती है, और उत्पादन और मुनाफे का श्रेय लेने के समय सब कुछ उसका अपना हो जाता है। यह दोहरा रवैया अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाला।

आज कर्मचारियों का एरियर्स रोका, कल सरकार के इसी हमले से प्रबंधन भी नहीं बच पाएगा

सीटू ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर प्रबंधन जिस तरह मजदूर विरोधी नीतियों को लागू करने में जुटा है, वह कर्मचारियों के अधिकारों पर सीधा हमला है। चार श्रम संहिताओं के माध्यम से मजदूरों को उनके वर्षों के संघर्ष से हासिल अधिकारों से वंचित कर उन्हें अधिकारविहीन बनाने की कोशिश की जा रही है। आज कर्मचारियों के एरियर्स और जायज अधिकारों पर हमला हो रहा है, तो कल स्थायी रोजगार, नौकरी की सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां भी निशाने पर होंगी। 

यदि आज इन हमलों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज नहीं उठाई गई, तो आने वाले समय में अपने अधिकारों और रोजगार को बचाना और भी कठिन हो जाएगा। इसलिए वक्त की मांग है कि मजदूर विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया जाए। आज गलत को गलत कहने और अपने जायज अधिकारों के लिए संघर्ष का समय है।

मजदूरों को कमजोर समझने की भूल न करे प्रबंधन, अंतिम लड़ाई मजदूर वर्ग ही लड़ता है

सीटू ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब शासक वर्ग और पूंजीवादी व्यवस्था ने मजदूरों को गुलाम बनाने की कोशिश की है, तब-तब मजदूरों ने अपने संघर्षों से परिवर्तन की राह बनाई है। यह संघर्ष केवल भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के मजदूरों ने शोषण और गुलामी की जंजीरों को तोड़ने के लिए लंबी लड़ाइयां लड़ी हैं। विपरीत परिस्थितियों में कभी संघर्ष की गति धीमी दिखाई दे सकती है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि मजदूरों की चेतना और लड़ने की क्षमता समाप्त हो गई है। 

सेल के अंदर भी कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई लड़ा जाना तय है। प्रबंधन को यह समझ लेना चाहिए कि हलफनामे से मजदूरों का एरियर्स समाप्त नहीं होता और न ही अदालत में दिया गया बयान मजदूरों के संघर्ष को रोक सकता है। मजदूरों को उनका हक देना है तो सम्मानपूर्वक दीजिए, अन्यथा संघर्ष होना तय है इसके लिए तैयार रहिये।