SAIL बकाया एरियर: इंटक अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी ने की डीपी केके सिंह से बात, NJCS मीटिंग जल्द
इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी ने 12 नवंबर की एनजेसीएस सब कमेटी की वार्ता विफल होने के बाद सेल के डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह से बातचीत कर जल्द फुल बॉडी एनजेसीएस मीटिंग बुलाने की मांग की।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल कर्मचारियों के बकाया एरियर को लेकर खास खबर आ रही है। 12 नवंबर को एनजेसीएस सब कमेटी की मीटिंग बेनतीजा खत्म होने के बाद अब एनजेसीएस फुल बॉडी की मीटिंग होने जा रही है। इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। इंटक का दावा है कि सेल प्रबंधन ने मीटिंग बुलाने के लिए हामी भर दी है।
बकाया एरियर आदि विषयों को लेकर एनजेसीएस यूनियन लीडर क्या कर रहे हैं, इसका जवाब जानने के लिए सूचनाजी.कॉम ने इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी से बातचीत की। इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा-वार्ता विफल होने के बाद उन्होंने सेल के डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह से बातचीत की है। कर्मचारियों के बकाया एरियर आदि विषयों को लटकाने के बजाय उसे हल करने की दिशा में प्रयास होना चाहिए।
साथ ही प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे, जिसका लाभ निश्चित रूप से कंपनी को मिलेगा। कंपनी को लाभ तभी होगा, जब कर्मचारियों के साथ न्याय होगा। डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह ने आश्वासन दिया है कि फुल बॉडी एनजेसीएस की मीटिंग बुलाकर चर्चा की जाएगी। यह मीटिंग कब होगी, इसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
दूसरी ओर इंटक बोकारो के महासचिव बीएन चौबे का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर संजीवा रेड्डी लगातार सेल प्रबंधन पर दबाव डाले हुए हैं। निश्चित रूप से कर्मचारियों की जीत होगी। बकाया एरियर कर्मचारियों का हक है। इसको लेने के लिए हर तरफ से पूरा प्रयास किया जा रहा है। इंटक सभी यूनियन के साथ मिलकर आगे बढ़ने में विश्वास रखती है। अकेली राह चलने से किसी को कोई फायदा नहीं होगा। कर्मचारियों के लिए सबको मिलकर काम करना है।