SAIL कर्मचारी BOKARO को बना रहे जंतर-मंतर, 10 बजे त्याग देंगे अन्न, पढ़ें अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का शेड्यूल

बीएकेएस बोकारो के अध्यक्ष दिलीप कुमार और महासचिव हरिओम सोमवार को त्याग देंगे अन्न। महापुरुषों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। इसके बाद बैठेंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर।

सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल कर्मचारियों के लंबित मुद्दों पर अब आर-पार की लड़ाई होने जा रही है। दिल्ली जंतर-मंतर का गुस्सा देश-दुनिया में सबके सामने है। अब बोकारो स्टील प्लांट के कर्मचारी लंबित मुद्दों पर अपना गुस्सा दिखाने जा रहे हैं। बोकारो को ही जंतर-मंतर बनाया जाएगा। सोमवार को बोकारो अनाधिशासी कर्मचारी संघ-बीएकेएस अध्यक्ष दिलीप कुमार और महासचिव हरिओम अन्न त्याग देंगे। सबसे पहले महापुरुषों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। सुबह 10 बजे के बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।। 

यूनियन का कहना है कि सेल कॉरपोरेट और बीएसएल प्रबंधन के कर्मचारी विरोधी रवैये के विरुद्ध बीएकेएस के आमरण अनशन की घोषणा कर चुकी है। प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किया गया। इसलिए 12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू होगा। टू टैंक गार्डेन स्थित धरना स्थल पर सुबह 9 बजे से कर्मचारी जुटेंगे। यहां से भगवान बिरसा मुंडा, राजेंद्र चौक, गांधी चौक, बाबा साहब अंबेडकर चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, कृष्ण बाबू चौक, भगत सिंह, महाराणा प्रताप चौक पर स्थित प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। महापुरुषों को याद करने के बाद दिलीप कुमार और हरिओम अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। महासचिव हरिओम ने कर्मचारियों से अपील का है कि ड्यूटी के बाद भारी संख्या में अनशन स्थल पर पहुंचे। कर्मचारी खुलकर समर्थन करें। 

बता दें कि बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ ने अपने आंदोलन के चौथे चरण के आंदोलन के तहत 12 अक्टूबर से बीएकेएस महासचिव हरिओम कुमार के नेतृत्व मे आमरण अनशन किया जाएगा। गौरतलब है कि सेल कॉर्पोरेट प्रबंधन द्वारा 45 से अधिक मुद्दों को एक-दो दशक से लंबित रखा गया है, जिसके कारण अधिकतर सेल कर्मचारियों को लाखों रुपए प्रति वर्ष घाटा हो रहा है, तो बोकारो इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा 50 से अधिक मुद्दों को लंबित रखकर कर्मचारियों को स्थानीय सुविधाओं से वंचित रखा गया है। 

सेल कारपोरेट के मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों की गलत रवैये के कारण बोनस राशि तय करने में किए गए मनमाने रवैये से भी सभी बीएसएल कर्मचारी आक्रोशित हैं। प्रबंधन के इस रवैये के प्रति बीएकेएस के बैनर तले बीएसएल कर्मचारियों ने पूर्व में तीन चरणों का आंदोलन किया था। जिसमें पहले चरण के आंदोलन में दो दिन ब्लैक बैज लगाना, फिर दूसरे चरण के आंदोलन में सभी विभागाध्यक्षों के कार्यालय के सामने आक्रोश प्रदर्शन और तीसरे चरण के आंदोलन के तहत काले झंडे के साथ मौन जुलुस के माध्यम से अपने-अपने आक्रोश का प्रदर्शन किया था। लेकिन सेल प्रबंधन के शोषणकारी रवैये में परिवर्तन नही होने पर चौथे चरण के आंदोलन के तहत आमरण अनशन पर यूनियन पदाधिकारी बैठ रहे हैं।