SAIL BSL: 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेगा BAKS, जिला प्रशासन से मांगेगा नई अनुमति
बीएकेएस के महासचिव हरिओम ने कहा कि यूनियन ने जिला प्रशासन के आदेश का अक्षरशः पालन करते हुए भूख हड़ताल स्थगित की है। आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है। कर्मचारी सड़क पर उतरने को बेताब हैं।
सूचनाजी न्यूज, बोकारो। सेल (SAIL) और बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के लंबित मुद्दों को लेकर बीएसएल अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) ने 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। चास के अनुमंडलाधिकारी द्वारा पूर्व निर्धारित धरना स्थल पर आमरण अनशन की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद यूनियन ने नई तारीख और नए स्थल के संबंध में जिला प्रशासन को जानकारी देने का निर्णय लिया है।
जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बाद बीएकेएस सदस्यों की आपातकालीन बैठक 13 अक्टूबर को आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने दुर्गापूजा के बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने के प्रस्ताव पर सहमति जताई। इसके तहत 26 अक्टूबर, सोमवार को सुबह 10 बजे से आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया।
सेल और बीएसएल के लंबित मुद्दों को लेकर आंदोलन
बीएकेएस ने सेल के कॉर्पोरेट कार्यालय स्तर पर लंबित 45 मुद्दों और बोकारो स्टील प्लांट से जुड़े 50 से अधिक लंबित मुद्दों पर निर्णय नहीं लिए जाने के विरोध में चार चरणों में आंदोलन की घोषणा की थी।
आंदोलन के पहले चरण में कर्मचारियों ने काला बैज लगाकर विरोध जताया। दूसरे चरण में विभागाध्यक्षों के कार्यालयों के सामने आक्रोश प्रदर्शन किया गया। तीसरे चरण में काले झंडे लेकर मौन जुलूस निकाला गया।
मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने का आरोप लगाते हुए यूनियन ने 12 अक्टूबर से प्रशासनिक भवन के सामने स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया था। इसकी सूचना जिला प्रशासन के साथ-साथ केंद्रीय इस्पात मंत्री, इस्पात सचिव और सेल के उच्च प्रबंधन को भी दी गई थी।
धरना स्थल पर अनुमति नहीं मिलने के बाद बदली रणनीति
यूनियन के अनुसार, चास के अनुमंडलाधिकारी ने धरना स्थल पर विस्थापित समूहों द्वारा आमरण अनशन आयोजित किए जाने का हवाला देते हुए वहां अनुमति देने से इनकार कर दिया। हालांकि, यूनियन को सूचित किया गया कि नई तारीख और स्थल का चयन कर आवेदन देने पर जिला प्रशासन उस पर विचार कर सकता है।
इसके बाद 13 अक्टूबर को हुई बैठक में 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया गया। यूनियन अब नए स्थल और तारीख के संबंध में जिला प्रशासन को सूचित करेगी। बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष दिलीप कुमार ने चौथे चरण के आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
‘आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है’
बीएकेएस के महासचिव हरिओम ने कहा कि यूनियन ने जिला प्रशासन के आदेश का अक्षरशः पालन करते हुए भूख हड़ताल स्थगित की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है और सभी संबंधित पक्षों को पर्याप्त समय रहते इसकी जानकारी दी गई है। उनके अनुसार, मांगों पर सुनवाई नहीं होने के कारण यूनियन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने के लिए विवश है।