SAIL BSP: नवंबर से मेन गेट और दिसंबर से पूरे प्लांट में RFID अनिवार्य, ड्यूटी टाइम में बाहर निकले 300 से ज्यादा कार्मिक धराए
ड्यूटी टाइम में गेट से बाहर निकलने वालों का नाम, पर्सनल नंबर, विभाग की इंट्री की जा रही है। शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक गेट पर नाम लिखे गए। डीआइसी, ईडी और एचओडी के पास जाएगी रिपोर्ट।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। सेल भिलाई स्टील प्लांट में आरएफआईडी (RFID) नवंबर से लागू होने जा रहा है। 10 नवंबर के बाद मेन गेट पर इसे अनिवार्य किए जाने की बात कही जा रही है। दिसंबर तक बीएसपी के सभी गेटों पर आरएफआइडी को अनिवार्य करना ही है। अगर, देरी होगी तो RFID सिस्टम इंस्टॉल करने वाली एजेंसी पर जुर्माना लगना शुरू हो जाएगा। इसलिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है।
आरएफआइडी लागू होने से पहले बीएसपी प्रबंधन ने मेन गेट और बोरिया गेट पर कवायद शुरू कर दी है। ड्यूटी टाइम में गेट से बाहर निकलने वालों का नाम, पर्सनल नंबर, विभाग की इंट्री की जा रही है। शुक्रवार को कुछ समय के लिए गेट पर नाम लिखे गए।
अलग-अलग विभागों के कर्मचारी, अधिकारी पकड़े गए। 17 अक्टूबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक 300 कार्मिक ड्यूटी टाइम में प्लांट से बाहर निकले थे। शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक लेबर आफिसर बीएसपी गेट पर तैनात किए गए। ड्यूटी टाइम में दर्जनों लोग पकड़े गए। कर्मचारी, अधिकारी और ट्रेड यूनियन नेताओं के नाम शामिल हैं।
ये लिस्ट डायरेक्टर इंचार्ज, ईडी एचआर और ईडी वर्क्स को भेजी जाएगी। प्रबंधन की ओर से लिस्ट को एचओडी को भेजा जाएगा। एचओडी को जवाब देना है कि उनके विभागों के कार्मिक ड्यूटी टाइम में गेट से बाहर क्यों गए।
भिलाई स्टील प्लांट के उच्चाधिकारियों के मुताबिक दिसंबर तक पूरी तरह से आरएफआइडी को अनिवार्य करना है। 10 नवंबर के बाद किसी दिन से मेन गेट पर इसे अनिवार्य करने की तैयारी है। पहले 1 नवंबर से इसे अनिवार्य करने का दावा किया गया था। लेकिन, मशीनों के इंस्टॉलेशन आदि कार्य को देखते हुए अब बताया जा रहा है कि 10 नवंबर के आसपास किसी दिन भी इसे अनिवार्य किया जा सकता है।