सेल सीएमडी डॉ. एके पंडा ने रायपुर से भिलाई के बीच की सेफ्टी पर ज़ूम मीटिंग, रावघाट खदान पर महामंथन

सेल के सीएमडी अशोक कुमार पंडा रविवार को बीआरएम, एसएमएस, सिंटर प्लांट,यूआरएम आदि का दौरा करेंगे। सेफ्टी और प्रोडक्शन पर जोर है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के सीएमडी डॉक्टर अशोक कुमार पंडा भिलाई पहुंच चुके हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर सेल का प्लेन लैंड किया। विमानतल से बाहर आते ही सेफ्टी पर जूम मीटिंग शुरू की। गाड़ियों का काफिला भिलाई के लिए रवाना हुआ। साथ ही साथ सेफ्टी पर जूम मीटिंग भी चलती रही। भिलाई आने तक उच्चाधिकारियों से फीडबैक लिए और दुर्गापुर में दिखी खास बातों की जानकारी साझा की। रविवार को बीआरएम, एसएमएस, सिंटर प्लांट,यूआरएम आदि का दौरा करेंगे। सेफ्टी और प्रोडक्शन पर जोर है।

शनिवार शाम को भिलाई स्टील प्लांट के इस्पात भवन सीएमडी पहुंचे तो यहां उच्चाधिकारियों ने स्वागत किया। भेंट-मुलाकात के बाद सीएमडी अपने कोर इश्यू पर फोकस किए। रावघाट आयरन ओर प्रोजेक्ट को लेकर उच्चाधिकारियों और कलिंगा कमर्शियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (KCCL) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे हैं। माइंस रिव्यू मीटिंग चल रही है। प्रोजेक्ट को लेकर प्रोग्रेस क्या है? कहां-कहां दिक्कतें आ रही, क्या बेहतर किया जा रहा? टाइमलाइन आदि को लेकर सवाल-जवाब का दौर चल रहा है। 

कलिंगा कमर्शियल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (KCCL) ही रावघाट में अंतरिम माइनिंग कर रही है। तीन साल के लिए अंतरिम माइनिंग की जिम्मेदारी मिली है। इसके बाद कामर्शियल माइनिंग करना है। अक्टूबर 2025 में कलिंगा कमर्शियल कारपोरेशन को काम दिया गया था। 

युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। बावजूद, अब भी अपेक्षाकृत परिणाम नहीं दिख रहे हैं। कन्वेयर गैलरी के लिए पेड़ कटाई का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। ये बचा हुआ है। रैपिड लोडिंग सिस्टम आदि भी बनना है। मटेरियल लोड यहीं से किया जाएगा। कुछ हिस्से में ही पेड़ कटे हैं। यहां भी काफी काम बाकी है। तमाम सवालों और व्यवस्थाओं को लेकर मंथन चल रहा है।