SAIL CMD डॉ. अशोक कुमार पंडा दुर्गापुर में सेफ्टी पोस्टमार्टम कर पहुंच रहे भिलाई स्टील प्लांट

सेल सीएमडी रावघाट आयरन ओर माइंस को लेकर शाम को विशेष बैठक करेंगे। रात में भिलाई में ही ठहरेंगे। रविवार को रवानगी है।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल के सीएमडी डॉक्टर अशोक कुमार पंडा सेफ्टी को लेकर खुद मोर्चा संभाल चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों पर लगाम लगाने के लिए जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों का जायजा ले रहे हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे सेल प्लेन से वह दुर्गापुर स्टील प्लांट पहुंचे। शाम को भिलाई स्टील प्लांट पहुंचेंगे। इसके बाद यहीं से जूम मीटिंग लेंगे। सेल के सभी प्लांट के अधिकारियों को जोड़कर सेफ्टी आदि विषयों पर अपना संदेश देंगे। 

सेल डीएसपी में सीएमडी के पहुंचते ही डायरेक्टर इंचार्ज सुरजीत मिश्र ने स्वागत किया। इसके बाद वह सेफ्टी के विषय को लेकर कोक ओवन, एसएमएस, बिलेट, फर्नेस 2 आदि का दौरा किए। सेफ्टी पर क्या कर रहे हैं? इसके बारे में सवाल-जवाब किए। प्लांट से जो रिपोर्ट भेजी जाती है, उसकी जमीनी हकीकत की पड़ताल कर रहे हैं। दोपहर तीन बजे के बाद भिलाई के लिए रवाना होंगे। 

इधर, भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारियों के साथ शाम को मीटिंग होगी। रावघाट आयरन ओर माइंस के विषय को लेकर शाम को विशेष बैठक होगी। रात में भिलाई में ही ठहरेंगे। रविवार को रवानगी है। इससे पहले बीएसपी के मिल और शॉप एरिया का दौरा भी करेंगे।