SAIL News: इंटक अध्यक्ष डॉ. संजीवा रेड्डी ने दुर्गापुर के रजत दीक्षित को बनाया NJCS सदस्य

दुर्गापुर स्टील प्लांट के कर्मचारी रजत दीक्षित ऑल इंडिया इंटक के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी (Organising Secretary) और पश्चिम बंगाल इंटक के सीनियर सेक्रेटरी (Senior Secretary) पद पर हैं।

सूचनाजी न्यूज, दुर्गापुर। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील इंडस्ट्री (NJCS) से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC/इंटक) ने दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) के वरिष्ठ कर्मचारी नेता रजत दीक्षित को सेंट्रल एनजेसीएस का प्रिंसिपल (मुख्य) सदस्य नामित किया है।

इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी के निर्देशानुसार सेल के डायरेक्टर (पर्सनल) को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि डॉ. संजीवा रेड्डी की इच्छानुसार, दुर्गापुर के रजत दीक्षित को एएसपी (ASP) के बिकाश घटक के स्थान पर एनजेसीएस में डीएसपी (DSP) और एएसपी (ASP) का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामांकित किया गया है। अब वे एनजेसीएस में बतौर 'टिटुलर मेंबर' (प्रिंसिपल मेंबर) शामिल होंगे।

एरियर और एमओए के मुद्दों पर रहेगी पैनी नजर

एनजेसीएस के मुख्य सदस्य के रूप में रजत दीक्षित की यह नियुक्ति बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्तमान में सेल कर्मचारियों के बकाया एरियर (Arrears) और मेमोरैंडम ऑफ एग्रीमेंट (MOA) के लंबित मुद्दे कर्मचारियों के बीच सबसे बड़ी चिंता का विषय बने हुए हैं। रजत दीक्षित का कहना है कि अब एनजेसीएस की बैठकों में सीधे तौर पर शामिल होकर डीएसपी और एएसपी के कर्मचारियों के इन प्रमुख हक-हकूक की आवाज़ को मजबूती से उठाएंगे।

संगठन में लंबा अनुभव

रजत दीक्षित को एनजेसीएस का प्रिंसिपल मेंबर बनाया जाना उनके लंबे सांगठनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता का परिणाम है। वह वर्तमान में इन महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 

• ऑल इंडिया इंटक के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी (Organising Secretary)

• पश्चिम बंगाल इंटक के सीनियर सेक्रेटरी (Senior Secretary)

• वर्किंग कमेटी मेंबर (Working Committee Member)

• इंटक के जनरल सेक्रेटरी (General Secretary)

इससे पहले तक वे अल्टरनेट मेंबर (Alternate Member) के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे थे, लेकिन अब संगठन ने उन्हें मुख्य पटल पर लाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इंटक द्वारा सेल प्रबंधन से अनुरोध किया गया है कि इस बदलाव को तत्काल नोट किया जाए और आगामी एनजेसीएस बैठकों में रजत दीक्षित को मुख्य सदस्य के रूप में शामिल किया जाए। इस निर्णय से दुर्गापुर और अलॉय स्टील प्लांट के कर्मचारियों में भारी उत्साह है।