SAIL एनजेसीएस बैठक खत्म होने से पहले CITU दुर्गापुर ने दी बवाल की तारीख

सेल प्रबंधन के तीव्र मजदूर-विरोधी रवैये के खिलाफ दुर्गापुर इस्पात कारखाने में विरोध प्रदर्शन की घोषणा।

सूचनाजी न्यूज, दुर्गापुर। सेल एनजेसीएस बैठक बेनतीजा समाप्त हो गई। बकाया एरियर पर प्रबंधन ने दो-टूक बोल दिया है कि एरियर नहीं दे सकते। दिल्ली में मीटिंग चल रही थी, इससे पहले ही सीटू दुर्गापुर ने प्रबंधन के रवैये को भांप लिया था। बार-बार एरियर पर इन्कार की खबर सूचनाजी.कॉम में पढ़ने के बाद यूनियन ने बवाल की तारीख तय कर दी। हिन्दुस्तान स्टील एम्प्लाइज यूनियन दुर्गापुर- DSP यूनिट (CITU) के सीमांत चटर्जी ने कहा-आप जानते हैं कि पिछले 10 साल से सेल प्रबंधन ने मजदूरों का वेतन समझौता पूरा नहीं किया है और 39 महीने के एरियर को बकाया रख कर हर मामले में उनका शोषण कर रहा है।

इसी स्थिति में देश भर के इस्पात मजदूरों के व्यापक आंदोलन के कारण प्रबंधन ने गुरुवार को दिल्ली में NJCS सब-कमेटी की मीटिंग बुलाने को मजबूर हुआ है। लेकिन हमें अपने प्रतिनिधियों से पता चला है कि उस मीटिंग में प्रबंधन ने 39 महीने का एरियर देने से साफ इनकार कर दिया है।

ऐसी स्थिति में हम सब समझ रहे हैं कि प्रबंधन इस्पात मजदूरों की Real Wage पर हमला करना चाहता है और सेल के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है। जबकि सेल भारी मुनाफा कमा रहा है, कोरोना के समय में भी सेल का मुनाफा उम्मीद से ज्यादा था।

इस परिप्रेक्ष्य में हम नाराज मौजूदा और सेवानिवृत्त मजदूरों को लेकर (क्योंकि 39 महीने के एरियर का सवाल सेवानिवृत्त मजदूरों से भी जुड़ा है) 14 नवंबर 2026 दोपहर 2 बजे दुर्गापुर इस्पात कारखाने के कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) के कार्यालय के सामने यानी इस्पात भवन में एक विशाल विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस विरोध सभा में शामिल होने के लिए हम दलगत भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मजदूरों और सेवानिवृत्त मजदूरों से अपील करते हैं।