सेल एनजेसीएस बैठक बेनतीजा समाप्त, मैनेजमेंट बोला-हलफनामे में बोल चुका हूं, नहीं देंगे एरियर
सेल प्रबंधन ने 2027 के वेज के लिए तैयार रहने की बात कही। यूनियन नेताओं ने पलटकर जवाब दिया कि एरियर जब तक नहीं मिलेगा, किसी तरह के समझौते पर अब कोई साइन नहीं करेगा।
सूचनाजी न्यूज, दिल्ली। सेल कर्मचारियों को बकाया एरियर नहीं मिलेगा। सेल प्रबंधन ने एनजेसीएस यूनियन नेताओं की बैठक बुलाई,जो बेनतीजा समाप्त हो गई है। गुरुवार को सुबह 11 बजे बैठक शुरू हुई। दोपहर सवा 3 बजे समाप्त भी हो गई। प्रबंधन जोर दिए हुए था कि एचआरए के मुद्दे पर चर्चा की जाए। लेकिन, इंटक, बीएमएस, एटक, सीटू, एचएमएस के नेताओं ने एक सिरे से प्रबंधन की बात को खारिज कर दिया।
सभी नेताओं ने कहा-एरियर पर बात कीजिए, इसके अलावा किसी पर बात नहीं होगी। इस पर सेल प्रबंधन ने कहा-हम लोगों ने कोर्ट में हलफनामा दे चुके हैं कि एरियर नहीं दे सकते हैं। इसलिए अब इस विषय पर बात नहीं कर सकते हैं। मामला कोर्ट मे है। जब तक कोर्ट से कुछ तय नहीं होता, तब तक कुछ भी नहीं बोल सकते।
प्रबंधन की बातों को सुनने के बाद बीएमएस से हिमांशु शेखर बल, एचएमएस से राजेंद्र सिंह, सीटू से बिश्वरूप बनर्जी, एटक से डी. आदिनारायण, इंटक से हरजीत सिंह ने कहा-फुल एनजेसीएस मीटिंग बुलाइए।
प्रबंधन ने इस पर जवाब दिया कि आप लोग 2027 के वेज के लिए तैयार हो जाइए। यूनियन नेताओं ने पलटकर जवाब दिया कि एरियर जब तक नहीं मिलेगा, किसी तरह के समझौते पर अब कोई साइन नहीं करेगा।