SAIL अफसरों को त्योहार से पहले PRP एडवांस दिलाने SEFI का पत्र पहुंचा CMD के पास

SAIL अधिकारियों को त्योहार से पहले PRP एडवांस मिलने की उम्मीद। SEFI ने वित्त वर्ष 2025-26 के PRP के विरुद्ध अग्रिम भुगतान के लिए CMD को पत्र लिखा। ₹4,334 करोड़ के अतिरिक्त PBT का दिया हवाला, अधिकारियों का मनोबल बनाए रखने के लिए PRP के अग्रिम भुगतान की मांग।

सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के अधिकारियों को त्योहारों के मौसम में परफॉर्मेंस रिलेटेड पे (PRP) का अग्रिम भुगतान मिलने की उम्मीद जगी है। स्टील एग्जीक्यूटिव्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SEFI) ने वित्त वर्ष 2025-26 के PRP के विरुद्ध एडवांस भुगतान करने की मांग उठाई है। SEFI ने SAIL के चेयरमैन (CMD) को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

SEFI चेयरमैन एनके बंछोर का कहना है कि 2025-26 में प्रॉफिट हुआ है। सरकार की एमओयू रेटिंग का इंतजार करने में अधिक समय लगेगा। मार्च 2027 तक पीआरपी देना है। जब प्रॉफिट क्लियर है तो कुछ एमाउंट को एडवांस के रूप में दे सकते हैं। इसी की मांग कंपनी से की गई है। पत्र में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान SAIL के प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) में 4,334 करोड़ रुपये की वृद्धि का उल्लेख करते हुए कंपनी के प्रदर्शन पर बधाई दी है। 

त्योहार से पहले एडवांस भुगतान की मांग

SEFI ने अपने पत्र में कहा है कि स्टील उत्पादन एक एकीकृत प्रक्रिया है, जिसमें किसी एक व्यक्ति के बजाय पूरी टीम का योगदान महत्वपूर्ण होता है। उत्पादन से लेकर अन्य परिचालन गतिविधियों तक अधिकारियों की सामूहिक मेहनत कंपनी के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती है।

सेफी ने तर्क दिया है कि अधिकारियों के मनोबल को बनाए रखना जरूरी है, ताकि कंपनी की मौजूदा उपलब्धियों और बेहतर प्रदर्शन की गति को आगे भी बरकरार रखा जा सके। इसी उद्देश्य से SEFI ने वित्त वर्ष 2025-26 के PRP के विरुद्ध एक अंतरिम व्यवस्था के तहत अग्रिम राशि जारी करने का अनुरोध किया है।

₹4,334 करोड़ के अतिरिक्त PBT को बनाया आधार

SEFI ने SAIL के वित्तीय प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा है कि अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों से कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) में 4,334 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की है। संगठन के मुताबिक, इस उपलब्धि में एग्जीक्यूटिव वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पत्र में कहा गया है कि अधिकारियों के योगदान को प्रोत्साहन देना और उनका मनोबल ऊंचा रखना कंपनी के हित में है। SEFI ने त्योहारों के आगामी सीजन को ध्यान में रखते हुए PRP के विरुद्ध एडवांस भुगतान को प्राथमिकता देने की अपील की है।

अब CMD के फैसले पर नजर

SEFI की इस मांग के बाद अब SAIL प्रबंधन के रुख पर नजर रहेगी। यदि प्रबंधन अग्रिम भुगतान के अनुरोध पर सकारात्मक निर्णय लेता है, तो अधिकारियों को नियमित PRP भुगतान से पहले कुछ राशि मिल सकती है। हालांकि, पत्र में एडवांस की प्रस्तावित राशि या भुगतान की निश्चित तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है। फिलहाल, यह SEFI की ओर से की गई मांग है। SAIL प्रबंधन ने इस अनुरोध को स्वीकार किया है या भुगतान को लेकर कोई निर्णय लिया है, इसकी जानकारी का इंतजार है।