SAIL SC-ST Employees Federation: हर प्लांट-यूनिट में चुनाव की तैयारी, जुड़ रहे ठेका मजदूर, कर्मचारी और अधिकारी
SC/ST कर्मचारियों द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कर अपने प्रतिनिधियों का चयन करने का मुद्दा उठा, ताकि उनकी समस्याओं एवं सुझावों को एकत्रित कर प्रबंधन के समक्ष रखा जा सके।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। SAIL SC/ST Employees Federation के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक Google Meet के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में सेल की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा अपनी-अपनी इकाइयों में कार्यरत SC/ST कर्मचारियों-अधिकारियों की समस्याओं, सुझावों एवं कार्यस्थल से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किए। बैठक में कई विषयों पर चर्चा हुई। अधिकारी, कर्मचारी और ठेका मजदूरों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यकारी अध्यक्ष जय प्रकाश के संयोजन में बोकारो स्टील प्लांट से एमके अभिमन्यू, दुर्गापुर से रणजीत प्रसाद, इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर से बबरू साहू,राउरकेला से श्याम सुंदर महानंदा, भिलाई से निशांत सूर्यवंशी, चंद्रपुर से राजेश जनबंधु, एसआरयू से रामजी राम आदि वर्चुअल जुड़े।
1. समय पर प्रमोशन
SC/ST कर्मचारियों-अधिकारियों को निर्धारित समय पर पदोन्नति नहीं मिलने की समस्या को गंभीर विषय माना गया।
2. ग्रेड संबंधी मुद्दे
विभिन्न ग्रेड एवं कैडर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई और उचित समाधान के लिए सुझाव दिए गए।
3. महत्वपूर्ण परियोजनाओं में भागीदारी
SC/ST कर्मचारियों-अधिकारियों को सेल की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में प्रमुख भूमिका एवं नेतृत्व की जिम्मेदारी देने पर जोर दिया गया।
4. सुरक्षा पर जोर
सभी कर्मचारियों-अधिकारियों को सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करते हुए कार्य करने की सलाह दी गई। यह स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा।
5. ठेकेदारी कार्यों में भागीदारी
सेल में बढ़ रहे ठेकेदारी कार्यों एवं उनमें कार्यरत कर्मियों की संख्या को देखते हुए SC/ST वर्ग के लोगों को भी उचित अवसर एवं प्रतिनिधित्व दिए जाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई।
6. प्रशिक्षण एवं कौशल विकास
SC/ST कर्मचारियों-अधिकारियों के प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा कैरियर उन्नति के लिए विशेष प्रशिक्षण अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
7. महिला कर्मचारियों के मुद्दे
SC/ST महिला कर्मचारियों-अधिकारियों की कार्यस्थल संबंधी समस्याओं, सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण, प्रशिक्षण, पदोन्नति तथा नेतृत्व के अवसरों पर विशेष चर्चा हुई और आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
8. चुनाव कर प्रतिनिधिमंडल तैयार करना
निर्णय लिया गया कि सेल की प्रत्येक इकाई में कार्यरत SC/ST कर्मचारियों द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं एवं सुझावों को एकत्रित कर प्रबंधन के समक्ष रखा जा सके।
9. लाइजन ऑफिसर की तिमाही बैठक
यह भी निर्णय लिया गया कि सेल की जिस इकाई में लाइजन ऑफिसर द्वारा SC/ST कर्मचारियों के साथ तिमाही बैठक नहीं की जाती है, उसकी शिकायत सेल प्रबंधन तक पहुँचाई जाएगी, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सेल प्रबंधन द्वारा अपने निर्धारित समय में किया जा सके और कोई भी SC/ST कर्मचारी अपने आपको अकेला महसूस न करे।
10. आगे की कार्ययोजना
बैठक में प्राप्त सभी समस्याओं एवं सुझावों को संकलित कर एक साझा दस्तावेज तैयार किया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार सेल प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
SAIL SC/ST Employees Federation, SC/ST कर्मचारियों के अधिकारों, समान अवसर, सुरक्षित कार्य वातावरण, प्रशिक्षण एवं बेहतर कैरियर विकास के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।