SAIL SC-ST Employees Federation: कैंसर से जूझ रहा कार्मिक, अंतिम समय रहना है परिवार के साथ, नहीं हो रहा ट्रांसफर

ज्वलंत विषयों को संकलित कर सेल सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा के समक्ष रखने तथा प्रबंधन का ध्यान SC/ST कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की ओर आकर्षित करने पर चर्चा की गई।

सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली/रांची। SAIL SC-ST Employees Federation द्वारा सेल के सभी प्लांटों, इकाइयों एवं कार्यालयों में कार्यरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) कर्मचारियों की समस्याओं, अधिकारों एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सेल की विभिन्न इकाइयों से फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने प्लांटों में कार्यरत SC/ST कर्मचारियों के साथ ऑनलाइन भागीदारी की। मीटिंग में ऑल पीएसयू फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील रामटेके की पत्नी के एक्सीडेंट पर भी चर्चा की गई। वहीं, एससी-एसटी कार्मिकों के ट्रांसफर में भेदभाव का आरोप लगाया गया। मार्मिक केस को उठाया गया है। प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। 

विभिन्न इकाइयों से पदाधिकारियों की भागीदारी

1. बोकारो स्टील प्लांट: एम. के. अभिमन्यु ने बोकारो में कार्यरत SC/ST कर्मचारियों के साथ भाग लिया।

2. दुर्गापुर स्टील प्लांट: रंजीत प्रसाद ने दुर्गापुर स्टील प्लांट के SC/ST कर्मचारियों के साथ भाग लिया।

3. राउरकेला स्टील प्लांट: श्याम सुंदर महानंदा ने राउरकेला के SC/ST कर्मचारियों के साथ भाग लिया।

4. बर्नपुर स्टील प्लांट: बबरू साहू ने बर्नपुर के SC/ST कर्मचारियों के साथ भाग लिया।

5. भिलाई स्टील प्लांट एवं माइंस: निशांत सूर्यवंशी ने भिलाई स्टील प्लांट एवं माइंस में कार्यरत SC/ST कर्मचारियों के साथ भाग लिया।

6. चंद्रपुर यूनिट: राजेश जनबंधु एवं बाबा मुन ने चंद्रपुर से भाग लिया।

7. SRU: रामजी राम ने भाग लिया।

8. सेंट्रल मार्केटिंग ऑफिस, कोलकाता: यहाँ कार्यरत SC/ST कर्मचारी भी ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए।

दुर्गापुर से हुई बैठक की शुरुआत

बैठक की शुरुआत दुर्गापुर स्टील प्लांट में SC/ST Employees Federation के पदाधिकारी जितेंद्र नाथ सहाना जी ने की। इसके बाद सेल की सभी इकाइयों में कार्यरत SC/ST कर्मचारियों की समस्याओं एवं उनके अधिकारों से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में उठाए गए प्रमुख मुद्दे

1. SC/ST लाइजन ऑफिसर की जवाबदेही

चर्चा में यह विषय सामने आया कि सेल की कुछ इकाइयों में SC/ST लाइजन ऑफिसर प्रबंधन के निर्देशों के अनुरूप SC/ST कर्मचारियों की समस्याओं पर नियमित बैठक नहीं करते हैं। ऐसी इकाइयों की सूची तैयार करने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित कराने पर चर्चा हुई।

2. बाबा साहेब एवं भगवान बिरसा मुंडा जी को सम्मान

सेल की कुछ इकाइयों में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भगवान बिरसा मुंडा जी के विशेष जयंती एवं स्मृति अवसरों पर उचित सम्मान नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाया गया। सभी इकाइयों में इन महापुरुषों के योगदान के अनुरूप सम्मानजनक आयोजन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। 

3. SC/ST ठेका कर्मचारियों की समस्याएं

सेल में कार्यरत SC/ST ठेका कर्मचारियों की कार्यस्थल संबंधी समस्याओं, सुविधाओं एवं अधिकारों पर चर्चा की गई।

4. SC/ST कॉन्ट्रैक्टरों की भागीदारी

सरकार की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप सेल में SC/ST कॉन्ट्रैक्टरों एवं उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने तथा इसके प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के विषय पर चर्चा हुई।

5. SC/ST महिला कर्मचारियों की सुरक्षा

महिला SC/ST कर्मचारियों को कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, भेदभाव एवं असमान व्यवहार से बचाने तथा सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा हुई।

6. SC/ST कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा

सेल में कार्यरत SC/ST कर्मचारियों के बच्चों को उचित छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के लिए सेल प्रबंधन की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का विषय उठाया गया।

7. SC/ST उद्यमियों एवं स्टार्टअप को प्रोत्साहन

SC/ST समुदाय द्वारा संचालित स्टार्टअप, व्यवसाय एवं उद्यमों को सेल में अधिक अवसर एवं भागीदारी दिलाने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा हुई।

8. CSR में स्थानीय SC/ST समुदाय की भागीदारी

यह विषय उठाया गया कि सेल के अधिकांश प्लांट SC/ST बहुल क्षेत्रों में स्थापित हैं। इसलिए CSR योजनाओं के माध्यम से स्थानीय SC/ST निवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास एवं अन्य विकासात्मक गतिविधियों में उचित भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

9. संवेदनशील एवं असुरक्षित कार्यस्थलों पर SC/ST कर्मचारियों की स्थिति

बैठक में चर्चा हुई कि सेल के कई संवेदनशील एवं असुरक्षित कार्यक्षेत्रों में SC/ST कर्मचारी बड़ी संख्या में कार्यरत हैं। ऐसे कर्मचारियों को प्रबंधन की निर्णायक एवं नीति निर्धारण संबंधी भूमिकाओं में भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

10. गंभीर बीमारी से पीड़ित कर्मचारियों के स्थानांतरण में भेदभाव

बैठक में यह गंभीर विषय उठाया गया कि कैंसर जैसी असाध्य एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित SC/ST कर्मचारियों को स्थानांतरण के मामलों में भी भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने तथा पारदर्शी एवं समान स्थानांतरण नीति लागू करने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। कर्मचारी बर्नपुर में कार्यरत है। उनकी मांग है कि झारखंड में ट्रांसफर कर दिया जाए ताकि अंतिम समय परिवार के साथ रहें। 

सेल चेयरमैन के समक्ष मुद्दे उठाने पर सहमति

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने उपर्युक्त सभी ज्वलंत विषयों को संकलित कर सेल के चेयरमैन के समक्ष रखने तथा प्रबंधन का ध्यान SC/ST कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की ओर आकर्षित करने पर चर्चा की। फेडरेशन का उद्देश्य है कि सेल में कार्यरत प्रत्येक SC/ST कर्मचारी को समान अवसर, सम्मानजनक कार्य वातावरण, पदोन्नति, प्रतिनिधित्व एवं संवैधानिक अधिकारों का उचित लाभ मिल सके।

जय प्रकाश ने जताया आभार

बैठक के अंत में सेल की रांची इकाई से फेडरेशन के वर्किंग प्रेसिडेंट जय प्रकाश ने सेल की विभिन्न इकाइयों से जुड़े सभी पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं SC/ST कर्मचारियों के ऑनलाइन बैठक में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि विभिन्न इकाइयों के कर्मचारियों की समस्याओं को एक साझा मंच पर लाना और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करना फेडरेशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय एवं एकजुटता के माध्यम से कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रयास जारी रहेंगे।