SAIL: टाउनशिप में आवास लाइसेंस पॉलिसी, लांग टर्म लीज योजना और सेल पेंशन पर SEFI की दिल्ली में बात

सेफी ने सेल के सीएमडी डाक्टर अशोक कुमार पंडा, डायरेक्टर (पर्सनल) केके सिंह से सेल अधिकारियों के मुद्दों पर चर्चा की।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील एक्जीक्यूटिव्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (सेफी) के चेयरमेन एनके बंछोर के नेतृत्व वाईस चेयरमेन अजय कुमार पाण्डेय और महासचिव संजय आर्या ने दिल्ली में सेल के सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा से मुलाकात कर सेल के अधिकारियों के विभिन्न लंबित मुद्दों पर सारगर्भित चर्चा की तथा सेल के उत्कृष्ट व सुरक्षित निष्पादन हेतु चर्चा की। सेफी ने सेल के डायरेक्टर (पर्सनल) केके सिंह से सेल अधिकारियों तथा सेल के टाउनशिप को प्रभावित करने वाले विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर शीघ्र समाधान की अपील की। सेल प्रबंधन ने सेफी को लगभग सभी मुद्दों पर सकारात्मक निराकरण का आश्वासन दिया।

सेल पेंशन स्कीम

सेफी ने सेल प्रबंधन से आग्रह किया कि डीपीई दिशानिर्देशों के अनुसार सेल में 30 प्रतिशत सेवानिवृत्ति लाभ सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश जारी करें। जिससे डीपीई दिशानिर्देशों की सही भावना के अनुरूप मासिक आधार पर 9 प्रतिशत की दर से पेंशन का अंशदान हस्तांतरित किया जाए। इसके साथ ही एनपीएस में सेल द्वारा निधि हस्तांतरण की वास्तविक तिथि 01/01/2007 से है परंतु सेल ने यह राशि अत्यधिक विलंब से प्रदान की है। सेल पेंशन योजना को समय पर लागू नहीं किया गया और यह द्वितीय वेतन संशोधन के डीपीई दिशानिर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन था। कोलयरी/सीएमपीएफ सदस्यों हेतु सेल पेंशन स्कीम पर भी चर्चा हुई।

सेल की सभी टाउनशिप में आवास लाइसेंस योजना/लांग टर्म लीज योजना

सेफी ने सेल के सभी संसाधनों का समुचित उपयोग बढ़ाने हेतु आवश्यक सुझाव प्रदान किया, जिससे कि सेल की लाभप्रदता बढ़ाई जा सके। सेल के अतिरिक्त संसाधनों जैसे-खाली पड़े मकानों तथा खाली पड़े जमीनों को लीज व लाइसेंस पर देने की अपनी मांग को दोहराया। साथ ही साथ लीज में दिए गए मकानों के अतिरिक्त निर्माण को न्यायोचित दर से नियमितीकरण करने का अनुरोध किया। 

सेफी ने सेल प्रबंधन से आग्रह किया कि सेल की सभी इकाइयों में वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों की आवासीय आवश्यकताओं को पूर्ण प्राथमिकता देते हुए शेष रिक्त एवं अनुपयोगी आवासों को विस्तारित आवास लाइसेंस योजना/लांग टर्म लीज योजना के अंतर्गत सेल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित करने की व्यवस्था की जाए।

विदित है कि सेल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने लगभग 35 से 40 वर्षों तक अपनी निष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके इस अमूल्य योगदान को दृष्टिगत रखते हुए रिक्त पड़े आवासों को लाइसेंस योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराया जाना न्यायसंगत एवं व्यावहारिक होगा।

वर्तमान में अनेक आवास लंबे समय से रिक्त पड़े होने के कारण उन पर अवैध कब्जे की संभावना बनी रहती है, जिससे टाउनशिप की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुव्यवस्था प्रभावित होती है। यदि ऐसे अनुपयोगी आवासों को लाइसेंस योजना/लांग टर्म लीज योजना के अंतर्गत सेवानिवृत्त कार्मिकों को आवंटित किया जाए, तो न केवल अवैध कब्जों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा, बल्कि टाउनशिप को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं जीवंत बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।

सेफी का स्पष्ट मत है कि आवास आवंटन में प्रथम प्राथमिकता वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों को दी जाए तथा उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति के उपरांत उपलब्ध रिक्त आवासों को द्वितीय प्राथमिकता के रूप में सेल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों को लाइसेंस योजना के अंतर्गत आवंटित किया जाए। इसके पश्चात ही तृतीय पक्ष (थर्ड पार्टी) को आवंटन पर विचार किया जाए।

सेफी सदैव सेल प्रबंधन के साथ मिलकर सभी टाउनशिपों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सकारात्मक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी अपना सहयोग निरंतर देती रहेगी।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पीआरपी का भुगतान

सेल प्रबंधन ने सेफी को आश्वस्त किया किया कि डीपीई द्वारा MOU रेटिंग घोषित होने के पश्चात वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए PRP का पूर्ण भुगतान कर दिया जाएगा।

यूनिफार्म एचआरए

सेफी ने सेल में डीपीई दिशानिर्देशों के अनुरूप एक समान एचआर लागू करवाने हेतु अनुरोध किया।

सेल की खदानों में पदस्थ अधिकारियों से जुड़े मुद्दों का निराकरण 

अस्पताल रेफरल की समस्या: सेफी ने सेल प्रबंधन से खदानों में पदस्थ अधिकारियों एवं उनके आश्रितों के लिए अस्पताल रेफरल प्रक्रिया को सरल बनाने पर चर्चा की।

आश्रितों के उपचार की सुविधा: सेफी ने ऐसे अधिकारियों के आश्रित, जो पदस्थापना स्थल से दूर अन्य स्थानों पर निवास करते हैं, उन्हें उनके निवास स्थान के निकट उपयुक्त सेल अस्पताल में उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाने हेतु आग्रह किया गया। 

टाउनशिप एवं चिकित्सा सुविधाओं में सुधार: सेफी ने सेल की खदानों में स्थित टाउनशिप एवं चिकित्सा सुविधाओं के उन्नयन का विषय सेल प्रबंधन के समक्ष उठाया।

सेल अस्पतालों को लेकर स्पष्टता की मांग

सेफी ने कहा कि सेल अस्पतालों के आउटसोर्सिंग से संबंधित किसी भी निर्णय से पहले सभी हितधारकों, मौजूदा कार्मिकों, पूर्व कार्मिकों एवं आश्रितों का ध्यान रखते हुए एसोसिएशन/यूनियन से व्यापक चर्चा आवश्यक है। 

DARPAN का क्रियान्वयन

DARPAN के क्रियान्वयन को लेकर सेफी की चिंताओं एवं सुझावों को सेल प्रबंधन के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा गया। इस संबंध में सेल प्रबंधन द्वारा निर्णय लिया गया कि DARPAN को लागू करने से पूर्व उसमें आवश्यक सुधारों एवं अपेक्षित बदलावों को लेकर सेफी के साथ चर्चा की जाएगी।

जेओ पे-अनामली, नोशनल सीनियारिटी एवं प्रशिक्षण पर चर्चा

सेफी ने जेओ-2008-10 बैच के पे-अनामली, जेओ-2018 बैच के नोशनल सीनियारिटी एवं प्रशिक्षण पर चर्चा करते हुए इसके शीघ्र निराकरण का अनुरोध किया।

कार्मिक की मृत्यु के पश्चात आश्रित बच्चों को चिकित्सा सुविधाओं की निरंतरता 

सेफी ने सेल प्रबंधन से आग्रह किया कि किसी भी कार्मिक की मृत्यु के पश्चात उसके आश्रित बच्चों को चिकित्सा सुविधाएं (EFBS के अंतर्गत) यथावत जारी रखी जाए।