SAIL Transfer Order: BSP के CGM चोखानी को ED Finance CMO का प्रभार, DSP-ASP के ईडी फाइनेंस बने मुखर्जी

सेल कॉरपोरेट ऑफिस से 2 अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी, भिलाई स्टील प्लांट और दुर्गापुर स्टील प्लांट से जुड़ा है मामला। BSP के CGM पी.के. चोखानी को CMO में ED Finance का प्रभार, जबकि दिल्ली के ED अरूप मुखर्जी दुर्गापुर स्टील प्लांट और ASP में ED F&A बनाए गए।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) कारपोरेट आफिस ने 2 अधिकारियों का ट्रांसफर ऑर्डर जारी किया है। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के इंटरनल ऑडिट के चीफ जनरल मैनेजर (CGM) पीके चोखानी को सेंट्रल मार्केटिंग ऑर्गनाइजेशन (CMO), कोलकाता में फाइनेंस एंड अकाउंट्स (F&A) का प्रभार सौंपा गया है। सीजीएम इंचार्ज बनाकर भेजा जा रहा है। 

साथ ही ईडी फाइनेंस का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, सेल कॉरपोरेट ऑफिस, दिल्ली में इंटरनल ऑडिट के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अरूप मुखर्जी को दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) और एलॉय स्टील्स प्लांट (ASP), दुर्गापुर में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (F&A) बनाकर भेजा गया है।

सेल के कार्यालय आदेश के मुताबिक, भिलाई स्टील प्लांट में इंटरनल ऑडिट विभाग के चीफ जनरल मैनेजर पी.के. चोखानी का तबादला किया गया है। उन्हें कोलकाता स्थित सेंट्रल मार्केटिंग ऑर्गनाइजेशन के मुख्यालय में चीफ जनरल मैनेजर इंचार्ज (F&A) नियुक्त किया गया है।

पीके चोखानी 1 नवंबर 2026 से CMO में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (F&A) के कार्यों का निर्वहन करेंगे। नियमित पदाधिकारी के पदभार ग्रहण करने तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, वे मौजूदा जिम्मेदारियों के अतिरिक्त यह दायित्व संभालेंगे। उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी के तहत एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (F&A), CMO की शक्तियों का इस्तेमाल करने और संबंधित कार्य देखने की जिम्मेदारी दी गई है।

दिल्ली कॉरपोरेट ऑफिस के ED अब दुर्गापुर में संभालेंगे जिम्मेदारी

सेल के दूसरे कार्यालय आदेश के तहत कॉरपोरेट ऑफिस, नई दिल्ली में इंटरनल ऑडिट के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अरूप मुखर्जी का तबादला किया गया है। उन्हें दुर्गापुर स्थित दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) और एलॉय स्टील्स प्लांट (ASP) में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (F&A) के पद पर पदस्थापित किया गया है। अरूप मुखर्जी दुर्गापुर स्टील प्लांट में ही पूर्व में कार्यरत थे। इंजीनियर अरूप मुखर्जी का डीएसपी से इस्को स्टील प्लांट ट्रांसफर किया गया था। जहां से वह दिल्ली भेजे गए। अब दोबारा दुर्गापुर स्टील प्लांट में वापसी हो रही है।