सर्वधर्म सेवा संस्था: 450 से अधिक अंगदान-देहदान संकल्प, महादानियों का सम्मान, राजकीय सम्मान देने की मांग तेज

सर्वधर्म सेवा संस्था का आह्वान है 1 नवंबर से 27 नवंबर तक अंगदान जागरूकता अभियान से जुड़ें और जीवन बचाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। सीएम विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मिले पदाधिकारी।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। मानवता की सेवा, जीवन रक्षा और अंगदान-देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सर्वधर्म सेवा संस्था द्वारा आज जवाहरलाल नेहरू अनुसंधान केंद्र एवं चिकित्सालय, सेक्टर-9, भिलाई में अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने वाले महादानियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार धाबर्डे तथा परविंदर सिंह ग्रेवाल (पूर्व महासचिव, OA) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रतीक भोई, महासचिव राकेश रत्नाकर, गायत्री गोस्वामी, अरुणा शर्मा, उषा कसेर, जया सरनाइक, राघवंश सैनी, भेखराम साहू, शिवाकांत गिरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने वाले महादानियों को फूल-माला पहनाकर, सम्मान-पत्र एवं डोनर कार्ड भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था ने उनके मानवीय संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि अंगदान और देहदान समाज को जीवन बचाने, मानवता की सेवा करने और दूसरों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश देते हैं।

सम्मानित महादानी

1. जी. वी. शेषादरी एवं पत्नी जी. पदमा 

2. के. वी. प्रसन्ना एवं पत्नी के. सीता

3. एम. मल्लिकार्जुन एवं पत्नी वरा लक्ष्मी

4. ऐ. वी. रमन्ना 

5. मुरली कृष्ण 

6. हिमा देवांगन 

7. छवि लाल गुप्ता 

8. गायत्री डोटे 

9. मेहतरीन बाई सूर्यवंशी 

10. सहस राम साहू 

11. घनश्याम पांडे 

सर्वधर्म सेवा संस्था के माध्यम से अब तक लगभग 450 अंगदान एवं देहदान संकल्प कराए जा चुके हैं। संस्था का उद्देश्य समाज में अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों को दूर करना और अधिकाधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना है।

संस्था के अध्यक्ष प्रतीक भोई ने कहा कि अंगदान एवं देहदान मानवता के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण हैं। एक व्यक्ति का संकल्प कई जरूरतमंद लोगों के जीवन में आशा की नई किरण जगा सकता है। समाज को इस विषय पर खुलकर चर्चा करनी चाहिए, ताकि अधिक लोग सही जानकारी के साथ स्वेच्छा से संकल्प लेने के लिए आगे आएँ।

महादानियों को मरणोपरांत राजकीय सम्मान देने की मांग

सर्वधर्म सेवा संस्था लंबे समय से प्रदेश के अंगदान एवं देहदान संकल्पकर्ताओं को मरणोपरांत राजकीय सम्मान देने की मांग उठाती आ रही है। संस्था का मानना है कि इन महादानियों को राजकीय सम्मान मिलने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और अधिक लोग अंगदान एवं देहदान के लिए प्रेरित होंगे। इसी विषय पर हाल ही में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी निवेदन किया गया है। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह से भी मुलाकात की गई। 

1 नवंबर से 27 नवंबर (अंगदान जागरूकता दिवस) तक अध्यक्ष प्रतीक भोई के नेतृत्व में चलेगा विशेष अंगदान जनजागरूकता अभियान

27 नवंबर को आयोजित होने वाले बड़े अंगदान जागरूकता कार्यक्रम की तैयारी के तहत सर्वधर्म सेवा संस्था 1 नवंबर से 27 नवंबर (अंगदान जागरूकता दिवस) 2026 तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाएगी।

इस अभियान के माध्यम से सोशल मीडिया एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों से लाखों लोगों तक अंगदान का संदेश पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा। नागरिकों को अंगदान की प्रक्रिया, इसके महत्व और स्वैच्छिक संकल्प के बारे में जागरूक किया जाएगा। संस्था का लक्ष्य अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर अंगदान के प्रति सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करना है।

27 नवंबर को संस्था द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, महादानियों के योगदान को सम्मान देने तथा इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। संस्था इस आयोजन को प्रदेश में अंगदान जागरूकता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

संस्था का जन-जन से आह्वान

संस्था का संदेश है कि अंगदान से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सही जानकारी प्राप्त कर अपने परिवार के साथ इस विषय पर चर्चा करनी चाहिए और स्वेच्छा से अंगदान का संकल्प लेने पर विचार करना चाहिए।

सर्वधर्म सेवा संस्था का आह्वान है 1 नवंबर से 27 नवंबर तक अंगदान जागरूकता अभियान से जुड़ें और जीवन बचाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।