SAIL अधिकारी के बेटे शारिक ने गोवा में पूरी की 7 घंटे 28 मिनट में Ironman 70.3 की चुनौती, पढ़ें
भिलाई के DPS के पूर्व छात्र शारिक उद्दीन ने Ironman 70.3 Goa 2026 को 7 घंटे 28 मिनट 08 सेकंड में पूरा किया। 113 KM की ट्रायथलॉन में शानदार उपलब्धि। 37 डिग्री तापमान, समुद्र में 1.9 KM तैराकी, 90 KM साइकिलिंग और 21.1 KM दौड़... 30 से अधिक देशों के खिलाड़ियों के बीच हासिल की शानदार उपलब्धि।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई/गुरुग्राम। हौसला बुलंद हो और इरादे मजबूत हों तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। भिलाई के युवा शारिक उद्दीन ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उन्होंने गोवा में आयोजित प्रतिष्ठित Ironman 70.3 Goa ट्रायथलॉन प्रतियोगिता सफलतापूर्वक पूरी कर अपनी उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया।
शारिक ने इस बेहद कठिन सहनशक्ति आधारित प्रतियोगिता को 7 घंटे 28 मिनट 08 सेकंड में पूरा किया। प्रतियोगिता के समापन बोर्ड पर प्रतिभागी संख्या 1290 के साथ दर्ज उनका समय उनकी शारीरिक क्षमता, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति की कहानी बयां करता है।
113 किलोमीटर की चुनौती, तीन कठिन स्पर्धाएं
Ironman 70.3 दुनिया की प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण ट्रायथलॉन प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है। इसमें प्रतिभागियों को लगातार तीन स्पर्धाएं पूरी करनी होती हैं। सबसे पहले खुले समुद्र में 1.9 किलोमीटर तैराकी, इसके बाद 90 किलोमीटर साइकिलिंग और अंत में 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन दौड़ पूरी करनी होती है।
तीनों स्पर्धाओं को मिलाकर कुल दूरी 113 किलोमीटर यानी 70.3 मील होती है। यही वजह है कि इस प्रतियोगिता में सिर्फ तेज गति ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक क्षमता बनाए रखना भी बेहद जरूरी होता है।
37 डिग्री की गर्मी और उमस भी नहीं डिगा सकी हौसला
गोवा में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के सामने मौसम भी बड़ी चुनौती बनकर आया। भीषण गर्मी और उमस के बीच तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 30 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया।
आयोजन से संबंधित उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 1,412 एकल प्रतिभागियों ने चुनौती में भाग लिया, जिनमें करीब 993 प्रतिभागी ही निर्धारित तीनों स्पर्धाएं पूरी कर फिनिश लाइन तक पहुंच सके। ऐसे कठिन मुकाबले में शारिक का सफलता पूर्वक फिनिश लाइन पार करना उनकी तैयारी और संकल्प को दर्शाता है।
DPS भिलाई के 2017 बैच के पूर्व छात्र हैं शारिक
शारिक उद्दीन मूल रूप से भिलाई के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), भिलाई से वर्ष 2017 में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। वर्तमान में वह गुरुग्राम स्थित JSA Advocates & Solicitors में कार्यरत हैं।
पेशेवर जीवन की जिम्मेदारियों के साथ इस स्तर की कठिन खेल प्रतियोगिता की तैयारी करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए महीनों तक नियमित प्रशिक्षण, शारीरिक क्षमता का विकास, समय प्रबंधन और खानपान पर विशेष ध्यान देना पड़ता है।
सेल अधिकारी के बेटे ने बढ़ाया भिलाई का मान
शारिक की इस उपलब्धि से उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है। उनके पिता कमरुद्दीन भारतीय इस्पात प्राधिकरण (SAIL) के निगमित कार्यालय, दिल्ली में सहायक महाप्रबंधक (AGM) के पद पर कार्यरत हैं। कमरुद्दीन भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग के सिविल डिपार्टमेंट और प्लांट में सेवाएं दे चुके हैं। उनकी माता शैदाबी शाहीन गृहिणी हैं।
शारिक की इस सफलता पर JSA Advocates & Solicitors के सहयोगियों और संस्थान के JSA Talent विभाग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई गई है कि वह आगे भी खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। भिलाई की धरती से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस कठिन प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले शारिक उद्दीन की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनका सफर बताता है कि लक्ष्य कितना भी कठिन क्यों न हो, निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति से उसे हासिल किया जा सकता है।