BSP के पूर्व CGM की पत्नी व मां शारदा पब्लिक स्कूल की सचिव शोभा शर्मा का निधन, था लिवर कैंसर
रामनगर मुक्तिधाम में आज अंतिम संस्कार। बीएसपी के पूर्व सीजीएम प्रोजेक्ट पीके शर्मा की पत्नी थीं शोभा शर्मा। सेक्टर-7 स्कूल में सीनियर लेक्चरर पद से हुई थीं सेवानिवृत्त। मां शारदा पब्लिक स्कूल को नर्सरी से 12वीं तक पहुंचाने में निभाई अहम भूमिका।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के पूर्व जीएम (प्रोजेक्ट) पीके शर्मा की पत्नी शोभा शर्मा का निधन हो गया है। 67 वर्षीय शोभा शर्मा ने रायपुर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से भिलाई के शिक्षा जगत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया गया है कि उन्हें महज तीन सप्ताह पहले लिवर कैंसर होने की जानकारी मिली थी। बीमारी का पता चलने के कुछ ही समय बाद उनका निधन हो गया।
शोभा शर्मा भिलाई के शिक्षा जगत का जाना-पहचाना नाम थीं। वह बीएसपी हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-7 में रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) की सीनियर लेक्चरर थीं और इसी पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा के प्रति उनका समर्पण कम नहीं हुआ। उन्होंने मां शारदा पब्लिक स्कूल, सेक्टर-9 की सचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
उनके अथक परिश्रम, दूरदृष्टि और मार्गदर्शन में मां शारदा पब्लिक स्कूल ने नर्सरी स्तर के एक छोटे से विद्यालय से आगे बढ़कर कक्षा 12वीं तक के सीबीएसई संबद्ध स्कूल का स्वरूप हासिल किया। विद्यालय की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में वह सक्रिय रूप से जुड़ी रहती थीं। विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए उन्होंने हमेशा निस्वार्थ भाव से काम किया।
वह मां शारदा सेवा समिति की सचिव भी थीं। श्रीरामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद की विचारधारा से प्रेरित होकर उन्होंने शिक्षा, महिला कल्याण और समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उनकी पहचान एक अनुशासित, सरल, दयालु और संवेदनशील शिक्षाविद् के रूप में रही। शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन से परिवार, शुभचिंतकों, विद्यार्थियों और शिक्षा जगत ने एक समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है।
रामनगर मुक्तिधाम में आज अंतिम संस्कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोभा शर्मा का अंतिम संस्कार 27 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे रामनगर मुक्तिधाम में किया जाएगा। उनका निवास डी-37, हॉस्पिटल सेक्टर, भिलाई में है। बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है।