तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी के अध्यक्ष सुनील चौरसिया बने राष्ट्रीय कॉन्फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स छत्तीसगढ़ चैप्टर के प्रभारी

राष्ट्रीय मंच पर सुनील चौरसिया को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी। केरल सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन और एर्नाकुलम के सांसद हिबी ईडन की मौजूदगी में मिली जिम्मेदारी।

सूचनाजी न्यूज, भिलाई। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs) का 13वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन 14 एवं 15 नवंबर 2026 को केरल के एर्नाकुलम में आयोजित किया गया। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन RWAs की अखिल भारतीय शीर्ष संस्था कॉन्फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स (को.र.वा.) द्वारा किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन केरल सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने किया। इस अवसर पर एर्नाकुलम के सांसद हिबी ईडन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह में मंत्री ने केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन का संदेश प्रेषित किया। इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन को.र.वा. के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी के नेतृत्व में किया गया। सम्मेलन के सफल आयोजन में राष्ट्रीय मुख्य संयोजक डॉ. के. एस. आर. मूर्ति, राष्ट्रीय सचिव जनरल बी. टी. श्रीनिवासन तथा राष्ट्रीय महासचिव अजित कुमार पी.सी. की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय RWA महासंघों के प्रतिनिधियों, नागरिक कार्यकर्ताओं तथा अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने भाग लिया। सम्मेलन का केंद्रीय विषय "विकसित भारत 2047 में RWAs की भूमिका" रहा, जिसके अंतर्गत आवासीय संगठनों की भूमिका, नागरिक सुविधाओं, जनभागीदारी तथा शहरी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

इस राष्ट्रीय अधिवेशन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए तालपुरी बी ब्लॉक रेजिडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार चौरसिया को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। सम्मेलन के दौरान उन्हें स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर उनकी एसोसिएशन को 'बेस्ट एसोसिएशन' के सम्मान से नवाजा गया। इसके साथ ही को.र.वा. द्वारा उन्हें छत्तीसगढ़ चैप्टर का प्रभारी नियुक्त करते हुए प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया । श्री चौरसिया की इस उपलब्धि एवं नियुक्ति पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल ने भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से तालपुरी बी ब्लॉक एसोसिएशन में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर कॉलोनीवासियों द्वारा लगातार बधाई एवं शुभकामनाएँ दी जा रही हैं। आज उनके कॉलोनी आगमन पर कॉलोनीवासियों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया तथा इस उपलब्धि का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। 

इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्यप्रद ने कहा कि यह सम्मान एवं महत्वपूर्ण दायित्व श्री चौरसिया के निरंतर सामाजिक योगदान, सक्रिय नेतृत्व तथा आवासीय संगठनों के हितों के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है, जिसने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। यह उपलब्धि केवल श्री चौरसिया के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश और विशेष रूप से हमारी तालपुरी कॉलोनी एवं तालपुरी एसोसिएशन के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है। 

कालोनी पहुंचने पर स्वागत कर्ता में डॉ. लक्ष्यप्रद, राजू पवार, पायल पवार, राम नारायण साहू, के. ए. दिवाकर, वेणुगोपाल देवांगन, काशीराम देशमुख, श्यामलाल वर्मा, नरेंद्र त्रिपाठी, एस. आर. मालवीय, सुरेश पिल्ले, ए. के. साहू, तोरण लाल सिन्हा, राजेंद्रन, चिरंजीव चौधरी, आई. के. सिंह, दिनेश राघवन, अरुण साहू, एच. एल. अरोरा सहित अनेक कॉलोनीवासी उपस्थित थे।